देश की खबरें | सीआरपीएफ से मंजूरी मिलने के बाद ही पाकिस्तानी महिला से शादी की : बर्खास्त जवान का दावा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तानी महिला से शादी की बात छिपाने के आरोप में सेवा से बर्खास्त किए जाने के एक दिन बाद सीआरपीएफ जवान मुनीर अहमद ने रविवार को कहा कि पिछले साल बल मुख्यालय से अनुमति मिलने के करीब एक महीने बाद ही उसने अपनी ममेरी बहन से शादी की थी।
जम्मू, चार मई पाकिस्तानी महिला से शादी की बात छिपाने के आरोप में सेवा से बर्खास्त किए जाने के एक दिन बाद सीआरपीएफ जवान मुनीर अहमद ने रविवार को कहा कि पिछले साल बल मुख्यालय से अनुमति मिलने के करीब एक महीने बाद ही उसने अपनी ममेरी बहन से शादी की थी।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जम्मू के घरोत्रा क्षेत्र के निवासी अहमद ने कहा कि उसकी शादी दोनों परिवारों ने तय की थी और वह अपनी बर्खास्तगी को अदालत में चुनौती देगा।
अहमद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बर (सीआरपीएफ) से उसके मामले पर फिर से विचार करने की अपील की और दावा किया कि “उसने नियमों के अनुसार सभी औपचारिकताएं पूरी की थीं और कुछ भी गलत नहीं किया है।”
सीआरपीएफ ने अहमद को पाकिस्तानी महिला मीनल खान के साथ शादी की बात “छिपाने” के लिए बर्खास्त कर दिया है और कहा है कि उसका कृत्य राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक है।
सीआरपीएफ में 2017 में शामिल हुए अहमद ने संवाददाताओं से कहा, “मेरी पत्नी मेरे मामा की बेटी है, जो 1947 में विभाजन के दौरान जम्मू से पाकिस्तान चले गए थे।” उसने सोशल मीडिया पर आई उन खबरों को “झूठा और मनगढ़ंत” करार दिया, जिनमें कहा गया है कि दोनों ऑनलाइन मिले और उनमें प्यार हो गया।
अहमद ने अपने इस दावे के समर्थन में कुछ दस्तावेज और तस्वीरें दिखाईं कि उसने सीआरपीएफ को अपनी शादी की सूचना दी थी और बल मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद ही मीनल से निकाह रचाया।
उसने कहा, “मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद हमारे परिजनों ने वीजा का इंतजार किए बिना ही ऑनलाइन निकाह करवाने का फैसला किया, क्योंकि मेरे पिता कैंसर से पीड़ित थे और उनकी हालत बिगड़ गई थी। उनके इलाज का खर्च भी बल ने ही उठाया।”
अहमद ने शनिवार देर शाम अपने घर से फोन पर ‘पीटीआई-’ से बात करते हुए कहा, “मुझे मीडिया में आई खबरों से अपनी बर्खास्तगी के बारे में पता चला। कुछ ही समय बाद मुझे सीआरपीएफ से एक पत्र मिला, जिसमें मुझे बर्खास्तगी के बारे में बताया गया, जो मेरे और मेरे परिवार के लिए एक झटका था, क्योंकि मैंने मुख्यालय से एक पाकिस्तानी महिला से शादी करने की अनुमति मांगी थी और मुझे अनुमति मिल गई थी।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)