एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 578 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 578 अंक से अधिक के लाभ के साथ बंद हुआ। अमेरिकी तथा एशियाई बाजारों में चौतरफा लिवाली से बाजार को समर्थन मिला।

जरुरी जानकारी | बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 578 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत

मुंबई, 20 सितंबर घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 578 अंक से अधिक के लाभ के साथ बंद हुआ। अमेरिकी तथा एशियाई बाजारों में चौतरफा लिवाली से बाजार को समर्थन मिला।

कारोबारियों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह से भी तेजी को गति मिली।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 578.51 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,719.74 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 964.56 अंक तक चढ़ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 194 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,816.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय 297.05 अंक तक चढ़ गया था।

सेंसेक्स के तीस शेयरों में से सन फार्मा, डॉ. रेड्डीज, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, टाइटन, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक और एशियन पेंट्स प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में नेस्ले इंडिया, पावरग्रिड, इन्फोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को लाभ में थे।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.49 प्रतिशत चढ़कर 92.45 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 312.31 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 20, 2022 04:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).