जरुरी जानकारी | शुरुआती गिरावट से उबरा बाजार, सेंसेक्स 694 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. बैंकिंग, इस्पात और पेट्रोलियम तथा गैस शेयरों में जोरदार लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार मंगलवार को शुरुआती गिरावट से उबरकर बढ़त के साथ बंद हुआ।
मुंबई, पांच नवंबर बैंकिंग, इस्पात और पेट्रोलियम तथा गैस शेयरों में जोरदार लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार मंगलवार को शुरुआती गिरावट से उबरकर बढ़त के साथ बंद हुआ।
इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 694 अंक या 0.88 प्रतिशत उछलकर 79,476.63 अंक पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 740.89 अंक या 0.94 प्रतिशत बढ़कर 79,523.13 अंक पर पहुंचा था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 217.95 अंक या 0.91 प्रतिशत चढ़कर 24,213.30 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार कमजोरी के साथ खुले और पहले आधे हिस्से में नकारात्मक रुझान के साथ एक सीमित दायरे में रहे। इस दौरान सेंसेक्स 78,296.70 अंक के निचले स्तर पर तथा निफ्टी 23,842.75 अंक के निचले स्तर पर आया।
हालांकि, दोपहर के सत्र में खरीदारी आने से सूचकांकों को नुकसान से उबरने में मदद मिली और ये बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के शेयरों में जेएसडब्ल्यू स्टील में करीब पांच प्रतिशत और टाटा स्टील में करीब चार प्रतिशत की तेजी आई। इसके अलावा एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।
दूसरी ओर अदाणी पोर्ट्स, आईटीसी, भारती एयरटेल और एशियन पेंट्स में गिरावट हुई।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहा।
यूरोप के अधिकांश बाजार दोपहर के सत्र में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। सोमवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए।
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.60 प्रतिशत बढ़कर 75.53 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 4,329.79 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 05, 2024 04:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

