जरुरी जानकारी | बाजार में तीसरे दिन तेजी जारी, सेंसेक्स 303 अंक मजबूत, साप्ताहिक आधार पर बढ़त में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन तेजी रही। निवेशकों की बैंक, बुनियादी ढांचा तथा दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बीएसई सेंसेक्स 300 अंक से अधिक लाभ में रहा।
मुंबई, आठ जुलाई घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन तेजी रही। निवेशकों की बैंक, बुनियादी ढांचा तथा दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बीएसई सेंसेक्स 300 अंक से अधिक लाभ में रहा।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 303.38 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 54,481.84 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 448.68 अंक तक चढ़ा था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 87.70 अंक यानी 0.54 प्रतिशत बढ़कर 16,220.60 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो 4.72 प्रतिशत की तेजी के साथ सर्वाधिक लाभ में रहा। इसके अलावा पावरग्रिड, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, डॉ. रेड्डीज लैब, नेस्ले, भारती एयरटेल, इन्फोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर में भी प्रमुख रूप से तेजी रही।
दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, मारुति सुजुकी इंडिया, इंडसइंड बैंक, टीसीएस, विप्रो और एशियन पेंट्स शामिल हैं। इनमें 1.62 प्रतिशत तक की गिरावट रही।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ‘‘मौजूदा तेजी का एक प्रमुख कारण जिंसों के दाम में गिरावट और मुद्रास्फीति में कमी की उम्मीद है। इससे केंद्रीय बैंक नीतिगत दर बढ़ाने की गति धीमी होगी। इसके अलावा सौदे को पूरा करने के लिये की गयी लिवाली से भी बाजार में तेजी रही।’’
साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स 1,573.91 अंक यानी 2.97 प्रतिशत और निफ्टी 468.55 अंक यानी 2.97 प्रतिशत मजबूत हुए।
एमके वेल्थ मैनेजमेंट के शोध प्रमुख जोसेफ थॉमस ने भी कहा, ‘‘...हाल में जिंसों खासकर कच्चा तेल के दाम में नरमी तथा केंद्रीय बैंकों के नीतिगत दरों में वृद्धि की गति धीमी होने की उम्मीद से निवेशकों के बीच भरोसा बढ़ा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस सप्ताह कुछ कारोबारी सत्रों में शेयर बाजारो में तेजी का कारण संभवत: मुद्रास्फीति में नरमी आने की संभावना तथा इसके कारण नीतिगत दरों में अपेक्षाकृत कम गति से वृद्धि की उम्मीद है। हालांकि आने वाले सप्ताह में अमेरिका तथा भारत में महंगाई के आंकड़े आएंगे। ये आंकड़े बाजार की आगे की गति के लिये महत्वपूर्ण होंगे।’’
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहे जबकि चीन में शंघाई कंपोजिट सूचकांक मामूली नुकसान में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरूआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार में बृहस्पतिवार को तेज थी।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.5 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक बृहस्पतिवार को शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने 925.22 करोड़ मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2022 06:11 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

