एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | बाजार में दो दिन से जारी गिरावट पर विराम, धातु, वाहन शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 119 अंक मजबूत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में पिछले दो दिनों से जारी गिरावट पर शुक्रवार को अंकुश लगा और बीएसई सेंसेक्स 119 अंक बढ़कर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | बाजार में दो दिन से जारी गिरावट पर विराम, धातु, वाहन शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 119 अंक मजबूत

मुंबई, दो जून घरेलू शेयर बाजारों में पिछले दो दिनों से जारी गिरावट पर शुक्रवार को अंकुश लगा और बीएसई सेंसेक्स 119 अंक बढ़कर बंद हुआ।

वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच धातु, दूरसंचार और वाहन शेयरों में लिवाली से बाजार में मजबूती आई।

बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार मारुति सुजुकी इंडिया, हुंदै, महिंद्रा एंड महिंद्रा की अगुवाई में वाहन कंपनियों की थोक बिक्री अच्छी रही है। इसके साथ लगातार तीसरे महीने मई में माल एवं सेवा कर संग्रह 1.50 लाख करोड़ रुपये से ऊपर रहा। इन आंकड़ों का बाजार पर सकारात्मक असर पड़ा है।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 118.57 अंक यानी 0.19 प्रतिशत चढ़कर 62,547.11 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 291.3 अंक तक चढ़ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 46.35 अंक यानी 0.25 प्रतिशत मजबूत होकर 18,534.10 अंक पर बंद हुआ।

साप्ताहिक आधार पर, बीएसई सेंसेक्स 45.42 अंक और निफ्टी 34.75 अंक मजबूत हुए।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘इस सप्ताह बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। हालांकि बाजार में सकारात्मक घरेलू परिदृश्य के साथ बेहतर वैश्विक संकेतकों के साथ गति रही। मई महीने में यात्री गाड़ियों की बिक्री अच्छी रहने से वाहन शेयरों को लेकर आकर्षण देखने को मिला।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी उम्मीद है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व इस बार की बैठक में नीतिगत दर में वृद्धि से बचेगा। इससे वैश्विक इक्विटी बाजार में कुछ संतोषजनक स्थिति देखने को मिली।’’

सेंसेक्स शेयरों में टाटा स्टील सर्वाधिक करीब दो प्रतिशत लाभ में रहा। इसके अलावा, मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, सन फार्मा, लार्सन एंड टुब्रो, टाइटन, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड, आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक और नेस्ले प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

इसके उलट, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इन्फोसिस, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस शामिल हैं।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लि. के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘‘मई में गाड़ियों की बिक्री आंकड़ा उम्मीद से बेहतर रहने से वाहन शेयरों की मांग रही। साथ ही, अगले सप्ताह की शुरूआत में मानसून के दस्तक देने की उम्मीद है। इसके साथ ग्रामीण और कृषि संबंधी शेयरों की भी मांग रही।’’

बीएसई मिडकैप (मझोली कंपनियों का सूचकांक) सूचकांक 0.60 प्रतिशत और स्मॉलकैप (छोटी कंपनियों का सूचकांक) सूचकांक 0.57 प्रतिशत मजबूत हुए।

एचडीएफसी सिक्योरिटील के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जासानी ने कहा कि वैश्विक बाजारों में शुक्रवार को तेजी रही। इसका कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अगली बैठक में नीतिगत दर को यथावत रखने की उम्मीद है। इसके अलावा, अमेरिका में कर्ज सीमा बढ़ाये जाने के विधेयक को मंजूरी से भी धारणा मजबूत हुई।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरूआती कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त में रहे।

वित्त मंत्रालय के बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार जीएसटी संग्रह मई में 12 प्रतिशत बढ़कर 1.57 लाख करोड़ रुपये रहा।

एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) गाड़ियों की मजबूत मांग के साथ देश की प्रमुख वाहन कंपनियों- मारुति सुजुकी इंडिया, हुंदै, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के यात्री वाहनों की बिक्री की रफ्तार मई में तेज रही।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.74 प्रतिशत उछलकर 75.57 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 71.07 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 02, 2023 05:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).