Sensex Update: सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 2.53 लाख करोड़ रुपये घटा
सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 2.53 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई. इस दौरान वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट के बीच स्थानीय बाजार भी जबर्दस्त बिकवाली दबाव में रहे.
नयी दिल्ली, 23 जनवरी : सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 2.53 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई. इस दौरान वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट के बीच स्थानीय बाजार भी जबर्दस्त बिकवाली दबाव में रहे. विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) द्वारा बड़ी कंपनियों और चुनिंदा मध्यम आकार की कंपनियों के शेयरों में मुनाफा काटने से बीएसई के 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में साप्ताहिक आधार पर करीब चार प्रतिशत की गिरावट आई. बीते सप्ताह सेंसेक्स 2,185.85 अंक या 3.57 प्रतिशत नीचे आया. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 638.60 अंक या 3.49 प्रतिशत के नुकसान में रहा. शेयर बाजारों में जोरदार गिरावट के बीच देश की शीर्ष 10 कंपनियों का बाजार पूंजीकरण सामूहिक रूप से 2,53,394.63 करोड़ रुपये घट गया. समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 40,974.25 करोड़ रुपये के नुकसान से 16,76,291.69 करोड़ रुपये पर आ गया.
सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनियों टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इन्फोसिस को सामूहिक रूप 1,09,498.10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ. टीसीएस की बाजार हैसियत घटकर 14,18,530.72 करोड़ रुपये रह गई. इन्फोसिस का मूल्यांकन 7,51,144.40 करोड़ रुपये पर आ गया. वहीं देश के शीर्ष बैंकों... एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय स्टेट बैंक का बाजार मूल्यांकन सामूहिक रूप से 29,239.04 करोड़ रुपये नीचे आ गया. एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 13,563.15 करोड़ रुपये के नुकसान से 8,42,876.13 करोड़ रुपये रह गया. एसबीआई की बाजार हैसियत 4,863.91 करोड़ रुपये घटकर 4,48,729.47 करोड़ रुपये पर और आईसीआईसीआई बैंक की 10,811.98 करोड़ रुपये के नुकसान से 5,58,699.39 करोड़ रुपये रह गई.
हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 9,938.77 करोड़ रुपये टूटकर 5,45,622.08 करोड़ रुपये पर और बजाज फाइनेंस का 27,653.67 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 4,45,033.13 करोड़ रुपये रह गया. एचडीएफसी का मूल्यांकन 22,003.75 करोड़ रुपये घटकर 4,69,422.38 करोड़ रुपये रह गया. दूरसंचार क्षेत्र की प्रमुख कंपनी भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में 14,087.05 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 3,81,723.36 करोड़ रुपये रह गया. शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही. उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, एसबीआई, बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल का स्थान रहा.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 23, 2022 01:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

