BSE-Listed Firms Hit $4 Trillion Mark: बीएसई का बड़ा धमाका, सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण पहली बार 4000 अरब अमेरिकी डॉलर के स्तर पर
बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण पहली बार बुधवार को 4000 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया
नयी दिल्ली, 29 नवंबर बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण पहली बार बुधवार को 4000 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
बीएसई का 30 शेयर वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 305.44 अंक चढ़कर 66,479.64 पर रहा।
बाजार के सकारात्मक रुख के दम पर बीएसई-सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण सुबह के कारोबार में 3,33,26,881.49 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो बाद में 83.31 की विनिमय दर पर चार हजार अरब अमेरिकी डॉलर में तब्दील हो गया।
सेंसेक्स इस साल अभी तक 5,540.52 अंक यानी 9.10 प्रतिशत बढ़ चुका है। सूचकांक पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण करीब 50.81 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है।
बीएसई का 30 शेयर वाला सूचकांक इस साल 15 सितंबर को 67,927.23 के अपने सर्वकालिक शिखर पर पहुंच गया था।
अन्य बाजारों में अमेरिका, चीन, जापान और हांगकांग ऐसे बाजार हैं जिनका बाजार पंजीकरण 4000 अरब डॉलर से अधिक है।
बीएसई पर सभी सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 24 मई 2021 को 3000 अरब अमेरिकी डॉलर के आंकड़े को छू गया था। 28 मई 2007 को यह 1000 अरब डॉलर के पार पहुंचा था। उसे 1000 अरब डॉलर से 1500 अरब डॉलर का सफर तय करने में 2,566 दिन यानी सात साल से अधिक समय लगा। छह जून 2014 को उसने 1500 अरब डॉलर का आंकड़ा छुआ। फिर 1130 दिन बाद 10 जुलाई 2017 को बाजार पूंजीकरण 2000 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंचा। बाजार पूंजीकरण 1,255 दिन बाद 16 दिसंबर 2020 को 2500 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंचा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 29, 2023 11:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

