एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | बिकवाली दबाव में बाजार एक माह के निचले स्तर पर, सेंसेक्स 721 अंक फिसला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विदेशी पूंजी की लगातार निकासी के बीच वित्तीय, आईटी और तेल एवं गैस शेयरों में भारी बिकवाली होने से शुक्रवार को स्थानीय शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। सेंसेक्स 721 अंक लुढ़क गया जबकि निफ्टी में 225 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।

जरुरी जानकारी | बिकवाली दबाव में बाजार एक माह के निचले स्तर पर, सेंसेक्स 721 अंक फिसला

मुंबई, 25 जुलाई विदेशी पूंजी की लगातार निकासी के बीच वित्तीय, आईटी और तेल एवं गैस शेयरों में भारी बिकवाली होने से शुक्रवार को स्थानीय शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। सेंसेक्स 721 अंक लुढ़क गया जबकि निफ्टी में 225 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 721.08 अंक यानी 0.88 प्रतिशत टूटकर एक महीने के निचले स्तर 81,463.09 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 786.48 अंक गिरकर 81,397.69 अंक पर आ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी भी बिकवाली के दबाव में 225.10 अंक यानी 0.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ एक महीने के निचले स्तर 24,837 अंक पर आ गया।

विश्लेषकों ने कहा कि एशियाई और यूरोपीय बाजारों में कमजोर रुख ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "कंपनियों के नरम तिमाही नतीजों और निराशाजनक वैश्विक संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजारों में व्यापक बिकवाली हुई। प्रमुख शेयरों के ऊंचे मूल्यांकन और विदेशी संस्थागत निवेशकों की शॉर्ट पोजीशन ने भी गिरावट को बढ़ा दिया।"

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से बजाज फाइनेंस के शेयरों में जून तिमाही के नतीजों की घोषणा के बाद सर्वाधिक 4.73 प्रतिशत की गिरावट आई।

इसके अलावा, पावर ग्रिड, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, टाटा मोटर्स, एनटीपीसी और अदाणी पोर्ट्स के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए।

दूसरी तरफ सन फार्मा और भारती एयरटेल के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 2,133.69 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,617.14 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की 225 सूचकांक, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सकारात्मक दायरे में बंद हुआ।

यूरोपीय बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। बृहस्पतिवार को अमेरिकी बाजार मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे।

भारत और ब्रिटेन ने बृहस्पतिवार को ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। अगले साल से 99 प्रतिशत भारतीय निर्यात को ब्रिटेन में शुल्क-मुक्त प्रवेश मिलेगा जबकि कारों और व्हिस्की जैसे ब्रिटिश उत्पादों पर भारत में शुल्क कम हो जाएगा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.32 प्रतिशत बढ़कर 69.40 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 542.47 अंक गिरकर 82,184.17 अंक जबकि निफ्टी 157.80 अंक गिरकर 25,062.10 अंक पर बंद हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 25, 2025 04:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).