एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में एक्यूआई में मामूली सुधार: लगातार दूसरे दिन वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में दिसंबर के पहले दो दिनों के दौरान लोगों को जहरीली हवा से राहत मिली क्योंकि शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 280 के साथ ‘खराब’ श्रेणी में बना रहा।

देश की खबरें | दिल्ली में एक्यूआई में मामूली सुधार: लगातार दूसरे दिन वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में

नयी दिल्ली, दो दिसंबर राष्ट्रीय राजधानी में दिसंबर के पहले दो दिनों के दौरान लोगों को जहरीली हवा से राहत मिली क्योंकि शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 280 के साथ ‘खराब’ श्रेणी में बना रहा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को अपराह्न चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 280 रहा जो रविवार के 285 से थोड़ा कम है।

तीस अक्टूबर को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ में पहुंच गयी थी। तब से यहां एक्यूआई ‘बहुत खराब’ तथा ‘गंभीर’ (एक्यूआई 400 से अधिक) श्रेणी में रहा।

रविवार को 32 दिनों में पहली बार राजधानी का एक्यूआई 300 से नीचे आया, जिसमें शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं और पर्याप्त धूप का योगदान था।

समीर ऐप के अनुसार शहर के 38 निगरानी केंद्रों में से 12 ने सोमवार को वायु गुणवत्ता को ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया, जबकि 25 ने इसे ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया। एक केंद्र पर ‘संतोषजनक’ वायु गुणवत्ता रही।

सीपीसीबी के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

मंगलवार से बृहस्पतिवार तक शहर में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है। इस बीच आज भी धूप खिली रही।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार सोमवार को दिन का तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक था।

उसके मुताबिक शहर में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 0.9 डिग्री अधिक रहा।

आईएमडी ने बताया कि आर्द्रता 89 और 61 प्रतिशत के बीच रही।

मौसम विभाग ने मंगलवार को हल्का कोहरा छाए रहने तथा अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 27 डिग्री सेल्सियस और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 02, 2024 10:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).