देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने चार वाहनों में लगाई आग

दंतेवाड़ा, 10 फरवरी छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने रेलवे लाइन के निर्माण कार्य में लगे मशीनों और वाहनों में आग लगा दी।

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बुधवार को बताया कि नक्सलियों ने जिले के बचेली और नेरली गांव के मध्य चार वाहनों में आग लगा दी।

पल्लव ने बताया कि बचेली और नेरली के मध्य रेलवे लाइन के दोहरीकरण का निर्माण कार्य चल रहा है। हथियारबंद नक्सली मंगलवार शाम वहां पहुंचे और उन्होंने एक जेसीबी मशीन, एक पोकलेन मशीन और दो अन्य वाहनों में आग लगा दी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल को रवाना किया गया और नक्सलियों की खोज शुरू की गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जानकारी मिली है कि भैरमगढ़ एरिया कमेटी के लगभग 20 नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)