देश की खबरें | उत्तर भारत के कई हिस्से शीतलहर की चपेट में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर भारत के कई हिस्से बृहस्पतिवार को भी भीषण शीतलहर की चपेट में रहे और कश्मीर घाटी के कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
नयी दिल्ली, 26 दिसंबर उत्तर भारत के कई हिस्से बृहस्पतिवार को भी भीषण शीतलहर की चपेट में रहे और कश्मीर घाटी के कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम अधिकतर शुष्क रहा।
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भीषण शीतलहर की स्थिति रही और पारा सामान्य से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी का अनुमान है क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र को प्रभावित करने वाला है।
कश्मीर में कई स्थानों पर रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे घाटी में ठंड का प्रकोप जारी रहा। पारे में गिरावट के कारण जलापूर्ति वाले पाइप में पानी जम गया है। वहीं डल झील सहित कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
उत्तरी कश्मीर में स्कीइंग गतिविधियों के लिए मशहूर पर्यटक रिसॉर्ट शहर गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर क्षेत्र का एक छोटा गांव कोनीबल घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा है कि शुक्रवार दोपहर से शनिवार दोपहर तक जम्मू कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा।
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को श्रीनगर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जहां तक सर्दियों की तैयारियों का सवाल है, भीषण ठंड है और मौसम शुष्क है। मैं ईश्वर से बर्फबारी के लिए प्रार्थना करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा प्रयास बिजली कटौती को कम से कम करना और कम तापमान के कारण पाइप में पानी जमने के बावजूद जलापूर्ति सुनिश्चित करना है। कठिनाइयों के बावजूद हमारा प्रयास है कि सरकार सुचारू रूप से काम करे।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिर्धारित बिजली कटौती की शिकायतें जारी रहेंगी ‘‘क्योंकि सिस्टम पर दबाव है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘समस्या यह है कि कुछ लोगों के पास चार बल्बों का (लोड) एग्रीमेंट है, लेकिन वे इसके बजाय चार हीटर का उपयोग करते हैं... मीटर इसका समाधान करने का सबसे अच्छा तरीका है, हमारे पास जितनी अधिक मीटरिंग होगी, बिजली कटौती उतनी ही कम होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि हम जम्मू कश्मीर में 100 प्रतिशत मीटरिंग कर सकेंगे, ताकि हम 24 घंटे बिजली की आपूर्ति कर सकें। हम इसे जल्द ही हासिल कर लेंगे।’’
अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 27 दिसंबर से ऊंचाई वाले और मध्यम पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी होगी।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शिमला के पास लोकप्रिय भ्रमण स्थल कुफरी में अधिकतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रमुख पर्यटन स्थल धर्मशाला और मनाली में क्रमशः 21.4 डिग्री सेल्सियस और 12.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक है।
नैनीताल में अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस और मसूरी में 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा लगातार कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बृहस्पतिवार को दोनों राज्यों के कई स्थानों पर कड़ाके की ठंड रही और दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बृहस्पतिवार से एक नये पश्चिमी विक्षोभ के कारण उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
राजस्थान में सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 3.8 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 5 डिग्री सेल्सियस और पिलानी में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 26, 2024 11:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

