एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी समेत कई नेताओं ने पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर बधाई दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर बधाई देते हुए वैज्ञानिकों का अभिनंदन किया है।

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी समेत कई नेताओं ने पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर बधाई दी

लखनऊ, 23 अगस्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर बधाई देते हुए वैज्ञानिकों का अभिनंदन किया है।

मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आज ही के दिन वर्षभर पहले देश के महान वैज्ञानिकों ने अपनी अनूठी प्रतिभा, असाधारण कौशल और अथक परिश्रम से चंद्रमा पर सफलतापूर्वक ‘चंद्रयान-3’ की सॉफ्ट लैंडिंग कराकर अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में एक नया और ऐतिहासिक कीर्तिमान रचते हुए मां भारती को गौरवान्वित किया था।’’

योगी ने कहा, ‘‘राष्ट्र की इस अभूतपूर्व उपलब्धि के सम्मान में, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाने का निर्णय लिया गया था, जो देश वासियों, विशेषकर युवाओं को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रेरित कर रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज प्रथम राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर हमारे मेधावी वैज्ञानिकों का अभिनंदन, जिन्होंने भारत को विश्व के नक्शे पर एक प्रमुख अंतरिक्ष शक्ति के रूप में स्थापित किया है। आप सभी को ढेरों बधाई और शुभकामनाएं!’’

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘चंद्रयान-3 मिशन के विक्रम लैंडर के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में सफलतापूर्वक उतरने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की समस्त देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!’’

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान ने देश का गौरव बढ़ाया था।’’

पाठक ने कहा, ‘‘प्रथम राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की सभी देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत को नई पहचान दिलाने वाले समस्त वैज्ञानिकों का अभिनंदन।’’

देश आज अपना पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मना रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के मुताबिक, इसका मुख्य विषय ‘चंद्रमा को छूते हुए जीवन को छूना- भारत की अंतरिक्ष गाथा’ है।

आनन्द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2024 01:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).