देश की खबरें | राहुल समेत कई कांग्रेस नेताओं ने सदानंद सिंह के निधन पर दुख जताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने बिहार प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह के निधन पर बुधवार को दुख जताया और प्रदेश एवं पार्टी के लिये गए उनके योगदान को याद किया।

नयी दिल्ली, आठ सितंबर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने बिहार प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह के निधन पर बुधवार को दुख जताया और प्रदेश एवं पार्टी के लिये गए उनके योगदान को याद किया।

राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह जी के निधन का समाचार दुखद है। वे बिहार के कांग्रेस परिवार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा थे। उनके प्रियजनों को मेरी शोक संवेदनाएं।’’

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘बिहार के वरिष्ठ नेता, बाबू सदानंद सिंह के निधन से गहरा आघात लगा। न केवल वे वर्षों तक ग़रीबों और वंचितों की आवाज़ उठाते रहे, बल्कि मुझे व्यक्तिगत तौर से उनका स्नेह व सानिध्य प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। कांग्रेस और बिहार ने एक वटवृक्ष खो दिया, और यह कमी कभी पूरी न हो पाएगी।’’

पार्टी के कई अन्य नेताओं ने भी सदानंद सिंह के निधन पर दुख जताया।

बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा भागलपुर के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सदानंद सिंह का बुधवार की सुबह पटना के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया।

परिवार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सदानंद (78) पिछले कई सप्ताह से बीमार थे और पटना के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। दिवंगत नेता के परिवार में एक बेटा और तीन बेटी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\