देश की खबरें | मणिपुर पुलिस ने मेइती लोगों को धमकाने के आरोप में कुकी छात्र नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर पुलिस ने उखरुल जिले में आयोजित होने वाले पांचवें राज्यस्तरीय शिरुई लिली महोत्सव में भाग लेने के लिए मेइती लोगों को ‘बफर जोन’ पार नहीं करने देने की धमकी को लेकर कुकी छात्र संगठन (केएसओ) दिल्ली के अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
इंफाल, 17 मई मणिपुर पुलिस ने उखरुल जिले में आयोजित होने वाले पांचवें राज्यस्तरीय शिरुई लिली महोत्सव में भाग लेने के लिए मेइती लोगों को ‘बफर जोन’ पार नहीं करने देने की धमकी को लेकर कुकी छात्र संगठन (केएसओ) दिल्ली के अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में शनिवार को कहा, “चुराचांदपुर पुलिस ने (एक वीडियो में) मेइती लोगों को यह धमकी देने के संबंध में केएसओ दिल्ली के अध्यक्ष पाओजाखुप गुइटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है कि उन्हें उखरूल में आगामी शिरुई महोत्सव में भाग लेने के लिए बफर जोन पार नहीं करने दिया जाएगा। गुइटे की तत्काल गिरफ्तारी के लिए आसपास के जिलों में छापेमारी समेत सभी प्रयास किए जा रहे हैं।”
मणिपुर पुलिस ने बताया कि पड़ोसी राज्यों मिजोरम, असम, नगालैंड और मेघालय की पुलिस से उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का अनुरोध किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शिरुई उत्सव में भाग लेने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कथित तौर पर गुइटे को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “वे मेइती तांगखुल भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए शिरुई उत्सव आयोजित करने जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि शिरुई उत्सव में आने वाले किसी भी मेइती, फिर चाहे वह पुरुष हो या महिला, किसी भी को जीवित नहीं जाने दिया जाना चाहिए।
‘इंडिजिनस पीपुल्स फोरम मणिपुर’ के अध्यक्ष और लोकप्रिय नगा कार्यकर्ता अशांग कासर ने बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मणिपुर में राष्ट्रपति शासन के दौरान, ऐसी गतिविधियों की अनुमति क्यों दी गई? राज्यपाल कहां हैं? मुख्य सचिव कहां हैं? पुलिस महानिदेशक कहां हैं?”
शिरुई उत्सव राज्य पुष्प ‘शिरुई लिली’ के सम्मान में आयोजित किया जाता है, जो तांगखुल नगा बहुल उखरुल जिले की पहाड़ियों में पाया जाता है।
यह उत्सव 20 मई से 24 मई तक आयोजित किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2025 07:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

