मणिपुर : दो युवकों की मौत का विरोध कर रहे छात्रों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, 30 छात्र घायल
मणिपुर की इंफाल घाटी में दो युवकों की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन कर रही भीड़ पर पुलिस ने मंगलवार को आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया, जिसमें 30 से अधिक छात्र घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इंफाल, 26 सितंबर: मणिपुर की इंफाल घाटी में दो युवकों की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन कर रही भीड़ पर पुलिस ने मंगलवार को आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया, जिसमें 30 से अधिक छात्र घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में ज्यादातर लड़कियां हैं. इन दोनों युवकों का जुलाई में कथित तौर पर अपहरण किया गया था.
दो युवकों के शवों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के कुछ घंटों बाद इंफाल स्थित स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों ने विरोध रैलियां निकालीं और हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग की.
प्रदर्शनकारियों की इंफाल पूर्वी जिले के संजेनथोंग के पास पुलिस के साथ झड़प हो गई जब सुरक्षाबलों ने उन्हें यहां मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर बढ़ने से रोक दिया. पुलिस ने आंदोलनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज किया. पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ दो युवकों की हत्या के विरोध में इंफाल में स्कूल और कॉलेज के छात्रों ने रैली निकाली. जैसे ही छात्र मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर बढ़ रहे थे, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए कार्रवाई की.’’
चिकित्सा सुविधाओं के अधिकारियों ने कहा कि पुलिस कार्रवाई में 30 से अधिक छात्र घायल हो गए और उन्हें इंफाल के तीन अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, लापता छात्रों के शवों की तस्वीरें सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आईं, जिसके बाद मणिपुर सरकार ने लोगों से संयम बरतने और अधिकारियों को दोनों के अपहरण और हत्या की जांच करने में सहयोग करने के लिए कहा. दोनों युवकों की पहचान फिजाम हेमजीत (20) और हिजाम लिनथोइनगांबी (17) के रूप में हुई। दोनों युवकों की हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छात्रों ने इंफाल पश्चिम जिले के उरीपोक, ओल्ड लाम्बुलाने, सिंगजामेई में भी रैलियां निकालीं. थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों से छात्रों और सुरक्षाबलों के बीच इसी तरह की झड़प की सूचना मिली है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 26, 2023 07:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

