इम्फाल, चार मई कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के चलते देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे मणिपुर के निवासियों को घर वापस लाने के लिए राज्य सरकार ने दिशा निर्देश जारी किए हैं।
एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विशेष सचिव (गृह) एच ज्ञान प्रकाश द्वारा जारी एक कार्यालय ज्ञापन में कहा गया कि अन्य राज्यों में फंसे हुए जो लोग निजी या भाड़े के वाहन से यात्रा करना चाहते हैं वह अपना ब्यौरा उचित प्रारूप में गृह विभाग को भेजें।
अधिकारी ने कहा कि आवेदन में यात्रा की तारीख, पहुंचने की संभावित तारीख और स्थान, वाहन की पंजीकरण संख्या लिखी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य में वापस आने के इच्छुक लोगों को राज्य सरकार की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करवाना होगा।
मणिपुर सरकार से यात्रा का पास मिलने के बाद ही उन्हें यात्रा शुरू करनी होगी और इससे पहले अनिवार्य चिकित्सा जांच करवानी होगी।
आदेश में यह भी कहा गया कि वापस आने के इच्छुक लोगों को एक घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर करना होगा कि उन्हें पिछले 28 दिन में छींक या खांसी की समस्या नहीं है।
गलत सूचना देने पर व्यक्ति को महामारी अधिनियम के तहत दंडित किया जा सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY