देश की खबरें | मणिपुर के मुख्य सचिव प्रशांत कुमार सिंह राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति समिति के सचिव नियुक्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर के मुख्य सचिव प्रशांत कुमार सिंह को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है। छह महीने पहले उन्हें केंद्र ने इस संकटग्रस्त राज्य में भेजा था।
नयी दिल्ली, 16 जुलाई मणिपुर के मुख्य सचिव प्रशांत कुमार सिंह को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है। छह महीने पहले उन्हें केंद्र ने इस संकटग्रस्त राज्य में भेजा था।
मणिपुर कैडर के 1993 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी सिंह नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा सचिव के रूप में कार्यरत थे, लेकिन 11 जनवरी को उन्हें राज्य में वापस भेज दिया गया था।
कार्मिक मंत्रालय ने 15 जुलाई को जारी एक आदेश में कहा है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने भारत सरकार के सचिव पद और वेतनमान के साथ राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के सचिव के पद पर सिंह की नियुक्ति को मंजूरी दी है।
उन्हें 1991 बैच के आईएएस अधिकारी पुनीत कुमार गोयल के स्थान पर नियुक्त किया गया है।
मणिपुर के तत्कालीन मुख्य सचिव विनीत जोशी को 25 दिसंबर, 2024 को केंद्रीय उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किए जाने के बाद सिंह को जनवरी में मणिपुर भेजा गया था।
मई 2023 से मणिपुर में मेइती और कुकी समूहों के बीच समय-समय पर जातीय संघर्ष होते रहे हैं। जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 16, 2025 11:36 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

