एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | मंधाना ने एशिया कप मैच के बाद व्हीलचेयर पर बैठी लड़की को मोबाइल फोन उपहार में दिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने यहां महिला टी20 एशिया कप टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ टीम के मैच के बाद एक दिल छू लेने वाली पहल करते हुए व्हीलचेयर पर बैठी एक लड़की को मोबाइल फोन उपहार में दिया।

खेल की खबरें | मंधाना ने एशिया कप मैच के बाद व्हीलचेयर पर बैठी लड़की को मोबाइल फोन उपहार में दिया

दाम्बुला (श्रीलंका), 20 जुलाई भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने यहां महिला टी20 एशिया कप टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ टीम के मैच के बाद एक दिल छू लेने वाली पहल करते हुए व्हीलचेयर पर बैठी एक लड़की को मोबाइल फोन उपहार में दिया।

अपनी मां के साथ व्हीलचेयर पर स्टेडियम आईं आदिशा हेराथ को उस समय सुखद आश्चर्य हुआ जब मंधाना उनसे मिलने आईं और उन्हें एक फोन दिया।

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने इस वाकये का वीडियो जारी करते हुए लिखा, ‘‘आदिशा हेराथ का क्रिकेट के प्रति प्रेम उन्हें तमाम चुनौतियों के बावजूद स्टेडियम तक ले आया। उनके दिन का मुख्य आकर्षण उन्हें अपनी पसंदीदा क्रिकेटर स्मृति मंधाना के साथ एक आश्चर्यजनक रूप से सुखद मुलाकात करने का मौका मिला। स्मृति ने उन्हें एक मोबाइल फोन उपहार में दिया।’’

मंधाना इस वीडियो में लड़की का नाम पूछ रही है। उन्होंने इस लड़की के साथ ‘हाई फाइव’ किया और फिर फोटो खिंचवाई। 

मंधाना ने कहा, ‘‘ आपको क्रिकेट पसंद है, यह अच्छी बात है। आपने आज के मैच का लुत्फ उठाया। मैं हम सब की ओर से आपके लिए एक उपहार लाई हूं।’’

व्हीलचेयर के पीछे खड़ी आदिशा की मां ने कहा कि उनकी बेटी के लिए यह एक अप्रत्याशित उपहार था।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अचानक से मैच देखने आये थे क्योंकि मेरी बेटी मैच देखने जाना चाहती थी। हम भारतीय टीम की मंधाना मैडम से मिले और उन्होंने मेरी बेटी को फोन उपहार में दिया। यह अप्रत्याशित था। मेरी बेटी भाग्यशाली है कि उसे उनसे यह उपहार मिला।’’

भारतीय टीम ने शुक्रवार को खेले गये इस मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से शिकस्त दी। टीम अब रविवार को संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ खेलेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 20, 2024 10:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).