एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली के ख्याला में पत्नी पर सर्जिकल ब्लेड से हमला करने के बाद व्यक्ति ने खुदकुशी की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में 32 वर्षीय व्यक्ति ने मायके में रह रही अपनी पत्नी पर सर्जिकल ब्लेड से हमला करने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | दिल्ली के ख्याला में पत्नी पर सर्जिकल ब्लेड से हमला करने के बाद व्यक्ति ने खुदकुशी की

नयी दिल्ली, 23 जनवरी पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में 32 वर्षीय व्यक्ति ने मायके में रह रही अपनी पत्नी पर सर्जिकल ब्लेड से हमला करने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि महिला की गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसका ऑपरेशन किया गया है। महिला अब भी दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती है। अधिकारियों ने बताया कि महिला को खून की जरूरत पड़ने पर रघुबीर नगर पुलिस चौकी के कांस्टेबल सुधीर ने रक्तदान किया।

महिला का पति रामकुमार हमला करने के बाद अपनी पत्नी को मरा समझकर घर से भाग गया, लेकिन बाद में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक घर में फंदे से लटका पाया गया।

पुलिस ने कहा कि दंपती की हाल में शादी हुई थी और आरोपी कथित तौर पर नशे का आदी था। घटना बृहस्पतिवार को महिला के मायके में हुई। महिला पति का घर छोड़कर रघुबीर नगर इलाके में अपने मायके में रह रही थी।

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को पश्चिम विहार के एक अस्पताल से ख्याला थाना में एक फोन आया था जिसमें बताया गया कि एक महिला को घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है जिसे कथित रूप से उसके पति ने हमला कर घायल कर दिया है। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि महिला और उसका पति अक्सर झगड़ते रहते थे और इस वजह से महिला 15 जनवरी को अपनी मां के घर चली गई थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘19 जनवरी को महिला का पति आया और उसने महिला से उसके साथ चलने और गाजियाबाद में लोनी के पास नसीब विहार स्थित अपने ससुराल में रहने का अनुरोध किया, लेकिन महिला ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया।’’

अधिकारी ने बताया, ‘‘व्यक्ति 20 जनवरी की शाम तक घर में रहा और अपनी पत्नी को साथ चलने के लिए मनाता रहा। शाम करीब साढ़े सात बजे जब महिला की मां दोनों को घर में अकेला छोड़कर बाजार गई, तो व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर सर्जिकल ब्लेड से हमला किया।’’

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) उर्वीजा गोयल ने कहा कि राम कुमार के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है और यमुना पार क्षेत्र में कई स्थानों पर छापे मारे गए, लेकिन उसे ढूंढा नहीं जा सका। उन्होंने बताया कि तकनीकी निगरानी और महिला की गवाही की मदद से पुलिस ने पाया कि रामकुमार लोनी इलाके के अंबेडकर कॉलोनी में अपने बहनोई बाबूलाल के घर भाग गया था।

गोयल ने कहा कि पुलिस की एक टीम बाबूलाल को साथ लेकर खाली घर में छापा मारने के लिए ले गई, लेकिन वहां कमरे में अंदर से कुंडी लगी मिली। घर के अंदर रामकुमार छत से फंदे से लटका हुआ मिला।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 23, 2022 07:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).