देश की खबरें | खुद को सेना का जवान बताकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. खुद को सेना का जवान बताकर एवं निवेश दोगुना करने का झांसा देकर एक तार निर्माता को ठगने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 23 जून खुद को सेना का जवान बताकर एवं निवेश दोगुना करने का झांसा देकर एक तार निर्माता को ठगने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक हरियाणा के नूंह जिले का रहने वाला आरोपी अली मोहम्मद (55) कई राज्यों में ऑनलाइन धोखाधड़ी के 15 मामलों में शामिल पाया गया है। जांच में उसके द्वारा 22 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का पता चला है।
पुलिस के मुताबिक यह मामला तब सामने आया जब शाहदरा के एक तार निर्माता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि तार निर्माता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आठ जून को उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया जिसने कहा कि वह सेना के एक स्कूल का अधिकारी बोल रहा है और स्कूल के लिए तार की जरुरत है।
दोनों के बीच चर्चा के बाद 47,790 रुपये की तार खरीदने पर सहमति बनी।
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने कहा कि मोहम्मद अपने अन्य सहयोगियों के साथ ठगी करने के लिए ऑनलाइन व्यापारियों की तलाश करता था।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि उसके गिरोह के सदस्य इन व्यापारियों को अलग-अलग रैंक के सैन्य अधिकारी बनकर बुलाते थे, लेकिन बाद में उन्हें किसी योजना में निवेश करने के लिए मना लेते थे और उन्हें निवेश की राशि दोगुनी करने का वादा करते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक बार जब पीड़ित उन्हें पैसा हस्तांतरित कर देता था, तो वे उसे निकाल लेते थे और आपस में बांट लेते थे।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि कॉल रिकॉर्ड के आधार पर मोहम्मद की पहचान की गई और उसे नूंह से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास अपराध में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)