देश की खबरें | ममता का ‘मृत्युकुंभ’ वाला बयान हिंदुओं का अपमान: भाजपा

कोलकाता, 19 फरवरी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रयागराज महाकुंभ के बारे में ‘मृत्यु कुंभ’ संबंधी टिप्पणी को हिंदुओं का अपमान बताते हुए भाजपा ने बुधवार को राज्य भर में विरोध प्रदर्शन किया।

बनर्जी ने मंगलवार को विधानसभा में यह टिप्पणी की थी और दावा किया कि अधिकारियों ने महाकुंभ में भगदड़ के कारण हुई वास्तविक मौतों की संख्या को दबा दिया है।

भाजपा की राज्य और जिला इकाइयों द्वारा आयोजित प्रदर्शन के तहत आज मध्य कोलकाता के चितरंजन एवेन्यू के पास कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार ने मुख्यमंत्री की टिप्पणी की निंदा की और ममता बनर्जी पर हिंदुओं तथा उनकी धार्मिक मान्यताओं का अपमान करने का आरोप लगाया।

मजूमदार ने कहा, ‘‘यह हिंदुओं के सबसे पवित्र आयोजनों में से एक के बारे में अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणी है।’’

उन्होंने देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया और राज्य के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस से कार्रवाई की मांग की।

मजूमदार ने राजभवन को लिखे पत्र की एक प्रति साझा करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हमने राज्यपाल को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है।’’

मजूमदार ने बनर्जी के बयान की आलोचना करते हुए इसे ‘बेहद असंवेदनशील और आक्रामक’ भी बताया तथा कहा कि उनकी टिप्पणी को विधायी रिकॉर्ड से हटा दिया जाना चाहिए और मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘इस घोर अपमान के लिए पश्चिम बंगाल के लोगों और देश भर के हिंदुओं से माफी मांगी जानी चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी ने राज्य विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी द्वारा चार भाजपा विधायकों के ‘पक्षपातपूर्ण निलंबन’ के खिलाफ भी शिकायत की है। राज्य भर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बनर्जी की टिप्पणी के बारे में अपना असंतोष व्यक्त करने के लिए रैलियां भी आयोजित कीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)