कोलकाता, 10 जुलाई पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह दिल्ली की जय हिंद कॉलोनी में बंगाली प्रवासी श्रमिकों को निशाना बना रही है और राज्य की सीमाओं से बाहर अपना बंगाली विरोधी एजेंडा फैला रही है।
फेसबुक पर कड़े शब्दों में लिखे पोस्ट में बनर्जी ने कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी के वसंत कुंज इलाके में बंगाली निवासियों के उत्पीड़न और जबरन बेदखली की खबरों से ‘बेहद परेशान’ हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नीत प्रशासन ने बंगाली निवासियों को विस्थापित करने के प्रयास में उन्हें पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित कर दिया है।
तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष बनर्जी ने कहा, ‘‘मैं नयी दिल्ली के वसंत कुंज स्थित जय हिंद कॉलोनी से उत्पीड़न की चौंकाने वाली खबर सुनकर बहुत परेशान हूं। इस कॉलोनी में मुख्य रूप से बंगाली लोग रहते हैं, जिन्होंने शहर के असंगठित कार्यबल के हिस्से के रूप में निर्माण किया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कथित तौर पर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के आदेश पर उनकी पानी की आपूर्ति काट दी गई। बिजली के मीटर जब्त कर लिए गए और परसों अचानक बिजली काट दी गई। कॉलोनी के निवासियों का यह भी दावा है कि दिल्ली पुलिस ने आरएएफ कर्मियों के सहयोग से उनके द्वारा मंगवाए गए पानी के निजी टैंकरों को रोक दिया जिनके लिए उन्होंने भुगतान किया था। ’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘गत दिसंबर में दिल्ली पुलिस द्वारा एक अन्य उल्लंघन के बाद मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद, जबरन बेदखली की जा रही है। अगर आश्रय, पानी, बिजली के बुनियादी अधिकारों को कुचला जा रहा है, तो हम एक लोकतांत्रिक गणराज्य होने का दावा कैसे कर सकते हैं?’’
उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की कार्रवाई बांग्ला भाषी भारतीयों की पहचान और का अपराधीकरण करने के समान है। उन्होंने भाजपा पर बांग्ला भाषी लोगों के साथ ‘अपने ही देश में घुसपैठियों’ जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY