देश की खबरें | ‘मैं भी केजरीवाल’ हस्ताक्षर अभियान को व्यापक जन समर्थन मिल रहा : आम आदमी पार्टी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को दावा किया कि उसके ‘मैं भी केजरीवाल’ हस्ताक्षर अभियान को व्यापक जन समर्थन मिल रहा है और लोगों की यह राय है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार होने पर पद से इस्तीफा नहीं देना चाहिए।

नयी दिल्ली, दो दिसंबर आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को दावा किया कि उसके ‘मैं भी केजरीवाल’ हस्ताक्षर अभियान को व्यापक जन समर्थन मिल रहा है और लोगों की यह राय है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार होने पर पद से इस्तीफा नहीं देना चाहिए।

शिक्षा मंत्री आतिशी सहित पार्टी के कई नेताओं ने अभियान के तहत राष्ट्रीय राजधानी में दूसरे दिन भी लोगों से संपर्क साधा।

मंत्री ने इस अभियान के तहत अपने कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से पूछा कि गिरफ्तार होने पर क्या मुख्यमंत्री केजरीवाल को इस्तीफा दे देना चाहिए या जेल से शासन करना चाहिए।

आतिशी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और भाजपा आप नेताओं पर झूठे आरोप लगा रही है और उन्हें जेल में डाल रही है तथा अब केजरीवाल को गिरफ्तार करने की ‘‘साजिश’’ रच रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप सरकार को अनैतिक तरीके से गिराना चाहती है। हम दिल्ली के लोगों से यह पूछने आए हैं कि अगर केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाता है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए या जेल से शासन करना जारी रखना चाहिए।’’

इस मुद्दे पर आप 21 दिसंबर से राष्ट्रीय राजधानी के सभी वार्ड में जन संवाद आयोजित करेगी।

अभियान की शुरूआत शुक्रवार को गई, जो 20 दिसंबर तक चलेगा।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस महीने की शुरुआत में केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाले के सिलसिले में धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए तलब किया था। हालांकि, मुख्यमंत्री यह दावा करते हुए केंद्रीय एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हुए कि उन्हें तलब किया जाना ‘अवैध और राजनीति से प्रेरित’ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\