नयी दिल्ली, दो जनवरी महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) की घरेलू बाजार में यात्री वाहनों (पीवी) की बिक्री दिसंबर, 2022 में 61 प्रतिशत बढ़कर 28,445 इकाई हो गयी।
कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि उसने दिसंबर, 2021 में 17,722 वाहन बेचे थे।
दिसंबर में कंपनी के यूटिलिटी (उपयोगिता) वाहनों की बिक्री 62 प्रतिशत बढ़कर 28,333 इकाई हो गई, जबकि एक साल पहले की इसी अवधि में यह 17,469 इकाई रही थी।
एमएंडएम के अध्यक्ष (वाहन खंड) विजय नाकरा ने कहा, ‘‘हमारे ग्राहकों की निरंतर रुचि ने पिछले महीने हमारे पोर्टफोलियो में मजबूत मांग को बढ़ावा दिया है।’’
उन्होंने परिदृश्य पर कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय व्यवधानों और कोविड-19 महामारी के बढ़ते मामलों के चलते हमारी आपूर्ति श्रृंखला पर नजर है।’’
एमएंडएम ने कहा कि कृषि उपकरण खंड में उसकी कुल ट्रैक्टर बिक्री पिछले महीने 27 प्रतिशत बढ़कर 23,243 इकाई हो गई। दिसंबर, 2021 में 18,269 ट्रैक्टर बिके थें।
समीक्षाधीन अवधि में कंपनी की घरेलू ट्रैक्टर बिक्री भी 30 प्रतिशत बढ़कर 21,640 इकाई हो गई। इससे पिछले साल इसी महीने में यह आंकड़ा 16,687 इकाई का रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY