देश की खबरें | ‘महायुति’ महाराष्ट्र में लोस की 45 सीटें जीतेगी: बावनकुले

नागपुर, तीन दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बढ़त हासिल करने के बीच पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने रविवार को विश्वास जताया कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में 'महायुति' पश्चिमी राज्य में 45 से अधिक सीटें जीतेगी।

यहां पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश भाजपा प्रमुख ने यह भी कहा कि 'महायुति' महाराष्ट्र में 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव में लगभग 225 विधानसभा सीटें जीतेगी। ‘महायुति’ में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) शामिल हैं। राज्य में लोकसभा की 48 और विधानसभा की 288 सीटें हैं।

भाजपा को मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में रविवार को हो रही मतणना के रूझानों में स्पष्ट बहुमत मिला रहा है जबकि कांग्रेस को तेलंगाना में बहुमत मिलता दिख रहा है।

नागपुर में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। बावनकुले ने कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए कार्यों का समर्थन किया है जिससे पार्टी कार्यकर्ता खुश हैं।

उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी की गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण योजनाओं का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि आदिवासियों और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सहित सभी समुदायों ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, ''तेलंगाना में भी भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ा है।''

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने नागपुर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि वह इन विधानसभा चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन से बहुत खुश हैं और वह इस पर बाद में अपनी बात रखेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)