Maharashtra: धाराशिव जिले में सरपंच की कार पर हमला किया गया
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में चार लोगों ने कथित तौर पर एक सरपंच के चार पहिया वाहन पर हमला कर उसका शीशा तोड़ दिया और पेट्रोल से भरा कंडोम वाहन में फेंक दिया. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
मुंबई, 27 दिसंबर : महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में चार लोगों ने कथित तौर पर एक सरपंच के चार पहिया वाहन पर हमला कर उसका शीशा तोड़ दिया और पेट्रोल से भरा कंडोम वाहन में फेंक दिया. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि तुलजापुर में बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे हुए इस हमले में सरपंच नामदेव निकम और वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए.
एक अधिकारी ने बताया कि मेसाई जवालगा के सरपंच निकम उस समय अपने वाहन में सवार होकर बारुल से गांव की ओर जा रहे थे. अधिकारी ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग निकम के वाहन के पास आए और वाहन की ‘विंडशील्ड’ पर अंडे फेंके. अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने फिर वाहन के सामने का शीशा तोड़ दिया. हमलावरों ने वाहन के अंदर पेट्रोल से भरा कंडोम भी फेंका और उस पर ज्वलनशील ईंधन छिड़क दिया. अधिकारी ने बताया कि निकम की शिकायत के आधार पर तुलजापुर पुलिस ने चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 110 के तहत मामला दर्ज किया है. यह भी पढ़ें : Jharkhand: लातेहार में पुल निर्माण साइट पर मुंशी की हत्या, उग्रवादी संगठन ने ली जिम्मेदारी
निकम ने पुलिस को बताया कि वह पुणे में रहते हैं और सप्ताह में दो से तीन बार गांव आते हैं. अधिकारी ने बताया कि उन्होंने यह भी दावा किया है कि मेसाई जवालगा में उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है. अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. ग्राम प्रधान पर यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब इस महीने की शुरुआत में बीड जिले के मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख के अपहरण और हत्या की घटना से लोगों में भारी आक्रोश है. विपक्ष ने दावा किया है कि राज्य के मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी वाल्मीकि कराड इस हत्या में मुख्य आरोपी हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 27, 2024 01:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

