मुंबई, छह दिसंबर शिवसेना (उद्धव बाल ठाकरे) के नेता संजय राउत ने बुधवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है।
उन्होंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लिखे पत्र में दावा किया कि अन्य मुद्दों के अलावा राज्य सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 'पैनल' में शामिल करने को लेकर निजी अस्पतालों से पैसे लिए जा रहे हैं।
शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना नीत सरकार में स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत ने कहा कि वह हर आरोप का जवाब देंगे।
राउत ने दिल्ली में संवाददाताओं ने कहा,''राज्य के स्वास्थ्य विभाग में बेइंतहा भ्रष्टाचार है और (रिश्वत का) पैसा इकट्ठा करने के लिए अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।''
राज्यसभा सदस्य ने शिंदे को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि राज्य सरकार की महात्मा ज्योतिराव फुले स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अस्पतालों को पैनल में शामिल करने के लिए निजी अस्पतालों से बिस्तरों की संख्या के अनुसार प्रति बिस्तर के लिए एक लाख रुपये लिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कम से कम 12 कनिष्ठ स्तर के चिकित्सकों को अवैध रूप से सिविल सर्जन के रूप में नियुक्त किया गया है।
राउत के पत्र में कहा कि महाराष्ट्र राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से उप निदेशक के पदों के लिए चौदह उम्मीदवारों का चयन किया गया है लेकिन उनकी तैनाती के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री सावंत ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने पत्र पढ़ा है। उन्होंने कहा, ''मैं कल प्रेस वार्ता करूंगा और हर आरोप का जवाब दूंगा।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY