देश की खबरें | महाराष्ट्र: विपक्ष ने किसानों के खिलाफ टिप्पणी के लिए लोनीकर से माफी की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. किसानों के खिलाफ टिप्पणी के लिए पूर्व मंत्री बबनराव लोनीकर से माफी की मांग को लेकर हुए हंगामे के चलते महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही बुधवार को दस मिनट के लिए स्थगित की गई।
मुंबई, दो जुलाई किसानों के खिलाफ टिप्पणी के लिए पूर्व मंत्री बबनराव लोनीकर से माफी की मांग को लेकर हुए हंगामे के चलते महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही बुधवार को दस मिनट के लिए स्थगित की गई।
कुछ दिन पहले एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता यह कहते हुए सुने गए थे कि किसानों को सरकार की आलोचना नहीं करनी चाहिए, क्योंकि उन्हें सरकार से कई तरह के लाभ मिलते हैं।
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार और शिवसेना (उबाठा) के आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में विपक्षी विधायकों ने मांग की कि लोनीकर माफी मांगें।
लोनीकर ने किसी भी आपत्तिजनक बयान से इनकार किया। उन्होंने सदन में कहा, "मुझ पर ऐसी बात का आरोप लगाया जा रहा है जो मैंने कभी नहीं कही। यह सब राजनीति से प्रेरित है।"
लेकिन वडेट्टीवार, ठाकरे और अन्य विपक्षी विधायकों ने उनके दावे को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और बिना शर्त माफी मांगने पर जोर दिया।
लोनीकर के अपनी बात पर अड़े रहने पर विपक्षी विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित कर दी।
लोनीकर ने कहा था, "हमने उन्हें (किसानों को) कपड़े, जूते, फोन दिए हैं, फिर भी वे हमारी आलोचना करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बुवाई के लिए 6,000 रुपये दिए, बाकी राज्य देता है। हम दूसरों को, उनकी बहनों और बेटियों को पैसा देते हैं, (उनके) पिताओं को पेंशन देते हैं।"
सदन के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि लोनीकर को किसानों से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा, "यदि वह सदन की कार्यवाही में (माफी मांगे बिना) भाग लेना चाहते हैं, तो हम इसकी अनुमति नहीं देंगे। भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को उनका बचाव नहीं करना चाहिए।" उन्होंने कहा कि लोनीकर का बचाव करने का मतलब होगा कि सत्तारूढ़ गठबंधन उनकी टिप्पणी का समर्थन करता है।
शिवसेना (उबाठा) नेता ने कहा, "पिछले तीन महीनों में महाराष्ट्र में 700 से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं। हम किसी अन्य मुद्दे से विचलित नहीं होना चाहते। हम सरकार को जवाबदेह बनाना चाहते हैं।"
वडेट्टीवार ने भाजपा नेता के इस बचाव को खारिज कर दिया कि उनकी टिप्पणियों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। वडेट्टीवार ने कहा, "उनके भाषण का वीडियो पहले ही वायरल हो चुका है। लोग सुन सकते हैं कि उन्होंने क्या कहा।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 08:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

