देश की खबरें | महाराष्ट्र के विधायक रमेश लटके का दिल का दौरा पड़ने से दुबई में निधन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना के नेता एवं महाराष्ट्र के विधायक रमेश लटके का दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 52 वर्ष के थे।
मुंबई, 12 मई शिवसेना के नेता एवं महाराष्ट्र के विधायक रमेश लटके का दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 52 वर्ष के थे।
पार्टी के एक पदाधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया, ‘‘लटके का दुबई में बुधवार देर रात निधन हो गया, जहां वह अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने गए थे।’’
लटके मुंबई शहर के अंधेरी ईस्ट विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे। विधायक चुने जाने से पहले लटके बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) में पार्षद भी रहे।
उनकी पार्थिव देह को बृहस्पतिवार को मुंबई लाए जाने की संभावना है।
पदाधिकारी ने कहा, ‘‘ हमने उनके शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू करने को लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और पार्टी के अन्य नेताओं को सूचित कर दिया है। हमें उम्मीद है कि शव बृहस्पतिवार को वापस लाया जाएगा।’’
महाराष्ट्र में इस समय शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस की गठबंधन सरकार है।
पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने लटके के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘रमेश लटके जी के निधन की सूचना से दुखी और स्तब्ध हूं। निरंतर बनी रहने वाली उनकी ऊर्जा, कोविड-19 के दौरान समर्पण भाव से किया गया कार्य और निर्वाचन क्षेत्र के साथ उनका जुड़ाव अपार था। उनकी कमी खलेगी। वह बहुत जल्दी चले गए। मैं उनके परिवार, मित्रों और सहयोगियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’
भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं विधायक नितेश राणे ने ट्वीट किया, ‘‘शिवसेना विधायक रमेश लटके के अचानक निधन की सूचना पाकर स्तब्ध हूं। उनसे कुछ ही महीनों पहले आंगणेवाड़ी यात्रा के लिए कोंकण जाने वाली एक उड़ान में मुलाकात हुई थी। मैंने खान-पान पर नियंत्रण करके वजन कम करने के लिए उनकी सराहना की थी। वह पार्टी लाइन से परे एक मित्र थे। अविश्वसनीय।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2022 11:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

