देश की खबरें | कुणाल कामरा विवाद के कारण महाराष्ट्र विधानमंडल की कार्यवाही बार-बार स्थगित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हास्य कलाकार कुणाल कामरा की ओर से शिवसेना नेता और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर किए गए कटाक्ष को लेकर महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों में सोमवार को जबरदस्त हंगामा हुआ और कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी।
मुंबई, 24 मार्च हास्य कलाकार कुणाल कामरा की ओर से शिवसेना नेता और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर किए गए कटाक्ष को लेकर महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों में सोमवार को जबरदस्त हंगामा हुआ और कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी।
विधानसभा में शिवसेना सदस्यों ने शिंदे को ‘गद्दार’ बताने वाले ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ कामरा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिवसेना के अर्जुन खोटकर ने सदन में यह मुद्दा उठाया और मंत्री शंभुराज देसाई ने उनका समर्थन किया।
जब दोपहर बाद सत्ता पक्ष के सदस्य नारेबाजी करते हुए अपने स्थानों पर खड़े हो गए, तो अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी।
वहीं, विधान परिषद में सत्तापक्ष एवं विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद सदन की कार्यवाही पहले दस मिनट के लिए, फिर 15 मिनट और फिर आधे घंटे के लिए स्थगित की गई।
विधान परिषद में विपक्ष के नेता और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सदस्य अंबादास दानवे ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए खार स्थित एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो में शिवसेना कार्यकर्ताओं की ओर से की गई तोड़फोड़ का जिक्र किया।
उन्होंने सवालिये लहजे में कहा, ‘‘सत्तारूढ़ गठबंधन के समर्थक राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा कर रहे हैं। वे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ रहे हैं। इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जाती है?’’
दानवे ने कहा कि विपक्ष कामरा की टिप्पणियों का समर्थन नहीं करता है, लेकिन अभिव्यक्ति की आजादी का सम्मान किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘हम कामरा का समर्थन नहीं करते। अगर उन्होंने कोई गलती की है, तो उनके खिलाफ कानून के तहत उचित कार्रवाई की जा सकती है।’’
दानवे की टिप्पणियों पर शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने दावा किया कि कामरा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए थे।
सामंत ने कहा, ‘‘जब वही कामरा हमारे नेता का अपमान करते हैं, तो इसका क्या मतलब है? कामरा ने अपने वीडियो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, आनंद महिंद्रा जैसे वरिष्ठ उद्योगपतियों और यहां तक कि उच्चतम न्यायालय का भी अपमान किया है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘कामरा अगर दानवे या उद्धव ठाकरे के खिलाफ इसी तरह की टिप्पणी करते हैं, तो हम अपने राजनीतिक मतभेदों को अलग रखेंगे और आपका बचाव करेंगे।’’
दानवे ने कहा कि वह कामरा का समर्थन नहीं कर रहे हैं, बल्कि ‘‘सत्ता में बैठे दलों के सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का विरोध कर रहे हैं।’’
इससे पहले, मुंबई पुलिस ने एक शो के दौरान शिंदे के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने को लेकर कामरा के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की। कामरा ने शिंदे को ‘गद्दार’ कहा था और उनके खिलाफ एक पैरोडी गाना भी गाया था।
कामरा ने 2022 में शिंदे की ओर से तत्कालीन मुख्यमंत्री और (अविभाजित) शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के खिलाफ की गई बगावत का वर्णन करने के लिए फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के एक गाने के संशोधित संस्करण का इस्तेमाल किया था।
शिवसेना कार्यकर्ताओं ने रविवार रात खार इलाके में हैबिटेट स्टूडियो में तोड़फोड़ की थी, जहां कामरा ने अपने शो में शिंदे पर कटाक्ष करते हुए उन्हें ‘गद्दार’ बताया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)