एजेंसी न्यूज

प्रवासी मजदूरों की वापसी को लेकर मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर रहा है महाराष्ट्र: देशमुख

महाराष्ट्र, खासकर मुंबई में अन्य राज्यों से आए हजारों कर्मी देशभर में लागू लॉकडाउन (बंद) के कारण फंसे हुए हैं और वे उन्हें उनके गृहराज्यों में भेजे जाने के लिए परिवहन व्यवस्था किए जाने की मांग कर रहे हैं।

प्रवासी मजदूरों की वापसी को लेकर मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर रहा है महाराष्ट्र: देशमुख
जमात

नासिक, 29 अप्रैल महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार प्रवासी मजदूरों को नियोजित तरीके से उनके गृह राज्यों में भेजने का प्रबंध करने के लिए अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर रही है।

महाराष्ट्र, खासकर मुंबई में अन्य राज्यों से आए हजारों कर्मी देशभर में लागू लॉकडाउन (बंद) के कारण फंसे हुए हैं और वे उन्हें उनके गृहराज्यों में भेजे जाने के लिए परिवहन व्यवस्था किए जाने की मांग कर रहे हैं।

देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अन्य राज्यों के अपने समकक्षों के साथ बातचीत के बाद प्रवासी कर्मियों को वापस भेजने संबंधी अपनी फैसले की घोषणा करेंगे।

देशमुख ने अन्य राज्यों का नाम नहीं लिया, लेकिन महाराष्ट्र में उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से आए प्रवासी मजदूर रहते हैं।

महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में प्रवासी कर्मी रहते हैं। इनमें अधिकतर लोग मुंबई में रहते हैं। अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ इस विषय पर बात चल रही है कि प्रवासी श्रमिकों को नियोजित तरीके से बसों या ट्रेन के माध्यम से कैसे उनके मूल राज्यों में भेजा जा सकता है।

राकांपा के मंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार कोविड-19 को काबू करने की कोशिशों में मदद कर रहे पुलिसकर्मियों, चिकित्सकों और नर्सों पर किसी प्रकार के हमले को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘चौबीसों घंटे काम कर रहे पुलिसकर्मियों, चिकित्सकों और नर्सों पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’

इससे पहले, देशमुख ने नासिक जिले में कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों (हॉटस्पाट) में शामिल मालेगांव में इस महामारी को फैलने से रोकने को लेकर राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे और कृषि मंत्री दादा भुसे से बातचीत की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 07:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).