Maharashtra: गाय को बचाने के प्रयास में वाहन ट्रक से टकराया, दंपति समेत चार की मौत
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में सड़क के बीच में बैठी गाय को बचाने के प्रयास में एक वाहन खड़े ट्रक से टकरा गया जिससे दंपति समेत चार व्यक्तियों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी.
चंद्रपुर (महाराष्ट्र), 13 अगस्त : महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में सड़क के बीच में बैठी गाय को बचाने के प्रयास में एक वाहन खड़े ट्रक से टकरा गया जिससे दंपति समेत चार व्यक्तियों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना शुक्रवार देर रात चंद्रपुर-गढ़चिरौली राजमार्ग पर साओली थानाक्षेत्र के किसान नगर में हुई. साओली थाने के सहायक निरीक्षक आशीष बोरकर ने बताया कि गढ़चिरौली जिले के डिस्क जॉकी (डीजे) पंकज बागड़े (26) अपने दोस्त अनूप तादुलवार (35) के साथ डीजे का कुछ सामान खरीदने के लिए वाहन से चंद्रपुर गए थे.
उन्होंने बताया कि उनके साथ तादुलवार की पत्नी, एक रिश्तेदार और एक दोस्त भी कार में यात्रा कर रहे थे. उन्होंने बताया, ''सामान खरीदने के बाद घर लौटते समय चालक ने सड़क के बीच में बैठी एक गाय को बचाने की कोशिश में वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गया, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.'' यह भी पढ़ें : Bihar: तालाब में डूबने से मां और 3 बच्चों की गई जान
उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल व्यक्ति को साओली तहसील के अस्पताल में भर्ती कराया.
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में बागड़े और तादुलवार के अलावा उसकी पत्नी माहेश्वरी (24) और मनोज तीर्थगिरिवार (29) की भी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान सुरेंद्र मसराम (23) के तौर पर हुई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 13, 2022 02:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

