मुंबई, 26 दिसंबर ऑल इंडिया किसान सभा (एआईकेएस) के एक नेता ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र से किसानों का एक समूह दिल्ली की सीमा पर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हुआ है।
उन्होंने कहा कि किसानों ने सरकार के साथ अपने मुद्दों पर चर्चा करने की इच्छा प्रकट की है लेकिन वे चाहते हैं कि तीनों नये कृषि कानूनों के कुछ खास प्रावधान हटा दिए जाएं।
नये कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर जारी आंदोलन में शामिल होने के लिए सोमवार को महाराष्ट्र के नासिक से हजारों की संख्या में किसान दिल्ली के लिए निजी वाहनों से रवाना हुए थे।
ऑल इंडिया किसान सभा के सचिव (महाराष्ट्र) अजित नावले ने एक बयान में कहा, ‘‘नयी दिल्ली की एक सीमा पर हमारा जोरदार स्वागत किया गया। यहां धरने पर बैठे किसानों ने हमारा स्वागत किया और उनके साथ (आंदोलन में) शामिल होने के लिए हमें धन्यवाद दिया। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘ किसानों ने सरकार के साथ अपने मुद्दों पर चर्चा करने की इच्छा प्रकट की है। लेकिन हम चाहते हैं कि हाल ही में पारित इन कानूनों के कुछ खास प्रावधान, जो किसानों के हितों की सुरक्षा नहीं करते हैं, हटा दिए जाएं। ’’
किसान सभा के मुताबिक महाराष्ट्र के 21 जिलों के किसान दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY