देश की खबरें | महाराष्ट्र सरकार स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन विभागों के प्रमुख अधिकारियों की छुट्टियां रद्द करेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र सरकार ने मौजूदा स्थिति के मद्देनजर स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और कई अन्य विभागों के शीर्ष अधिकारियों की छुट्टियां रद्द करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुंबई, नौ मई महाराष्ट्र सरकार ने मौजूदा स्थिति के मद्देनजर स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और कई अन्य विभागों के शीर्ष अधिकारियों की छुट्टियां रद्द करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इसके साथ ही सीएमओ ने एक बयान में कहा कि फर्जी खबरें फैलाने वालों और ‘‘दुश्मन की मदद करने वालों’’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह फैसला एक बैठक में किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने सुरक्षा उपायों की समीक्षा की।
बैठक में राज्य के पुलिस महानिदेशक, मुंबई पुलिस आयुक्त, गृह विभाग के शीर्ष अधिकारी और विभिन्न एजेंसियों एवं विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी बैठक में मौजूद थे।
बयान में कहा गया है कि स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और अन्य विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर तैनात वरिष्ठ अधिकारियों की छुट्टियां रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि राज्य के 36 जिलों में से प्रत्येक में तैयारियों के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में एक ‘वॉर रूम’ स्थापित किया जाना चाहिए। साथ ही ब्लैकआउट के दौरान अस्पतालों के साथ समन्वय तंत्र स्थापित किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन से यह भी कहा कि ब्लैकआउट के दौरान क्या किया जाना चाहिए, इस बारे में जागरूकता फैलाई जाए।
फडणवीस ने कहा कि साइबर अपराध विभाग को हर जिले में सोशल मीडिया हैंडल पर नजर रखनी चाहिए ताकि पता लगाया जा सके कि पाकिस्तान की मदद कौन कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘दुश्मन की मदद करने वालों और फर्जी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि चर्चा के दौरान बिजली और पानी की आपूर्ति सहित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, ड्रोन की गतिविधियों पर नजर रखने, साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के अलावा चिकित्सा सेवाओं को सक्रिय रखने पर चर्चा हुई।
इससे पहले दिन में, फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में पुलिस, तटरक्षक बल और नौसेना ‘अलर्ट मोड’ पर हैं और सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन किया जा रहा है।
वह राज्य के तटीय क्षेत्र की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
भारत ने बृहस्पतिवार रात जम्मू, पठानकोट, उधमपुर और कुछ अन्य स्थानों पर मिसाइलों और ड्रोन से सैन्य स्टेशनों पर हमला करने के पाकिस्तान के प्रयास को विफल कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)