मुंबई, 30 जुलाई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को ठाणे जिले में मुंबई-नासिक राजमार्ग खंड और इसके आसपास की कुछ सड़कों का निरीक्षण किया।
उन्होंने साथ ही अधिकारियों को सुचारू ढंग से वाहनों का आवागमन सुनिश्चित करने के लिए गड्ढों को तुरंत भरने और अन्य कदम उठाने को कहा।
महाराष्ट्र के इस क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह में भारी बारिश हुई है और कई सड़कों की स्थिति खराब हैं, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। समस्या से निपटने के लिए मुख्यमंत्री शिंदे ने एक दिन पहले एक कार्य बल का गठन किया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से आठ लेन के इस मार्ग पर तेजी से काम को पूरा करने को कहा है ताकि ठाणे-नासिक राजमार्ग पर यातायात का सुचारू ढंग से संचालन हो सके।
ठाणे जिलाधिकारी कार्यालय, मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण, महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि मुंबई महानगर क्षेत्र के साथ-साथ रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्गों पर गड्ढों को भरने के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देश दे दिए गए हैं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने शिंदे के दौरे पर कटाक्ष करते हुए कहा, ''मुख्यमंत्री ने वादा किया था कि मानसून से पहले सड़कें गड्ढा मुक्त होंगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था।"
राकांपा नेता ने कहा कि वह जानना चाहते हैं कि अभी तक अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री के दौरे के संबंध में कहा कि क्या बहुत देर नहीं हो गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY