Maharashtra: दिल्ली के डॉक्टर से सोशल मीडिया पर खुद को महिला बता एक व्यक्ति ने दो करोड़ रुपये ठगे
दिल्ली के एक डॉक्टर से महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर खुद को महिला के तौर पेश करते हुए कथित रूप से दो करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी.
यवतमाल, 5 सितंबर : दिल्ली के एक डॉक्टर से महाराष्ट्र (Maharashtra) के यवतमाल जिले के एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर खुद को महिला के तौर पेश करते हुए कथित रूप से दो करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पीड़ित (44) ने शनिवार को यवतमाल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद आरोपी कॉलेज छात्र संदेश मानकर को गिरफ्तार कर लिया गया. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया मंचों पर महिला के रूप में फर्जी प्रोफाइल (खाता) बना रखा था.
उन्होंने बताया कि डॉक्टर सोशल मीडिया पर खुद को लड़की के रूप में पेश करने वाले इस व्यक्ति के संपर्क में आ गया और आरोपी ने पीड़ित को बताया, ‘वह एक अमीर परिवार से आती है और दुबई में उसका कारोबार है.’ पिछले महीने आरोपी बहरूपिये ने पीड़ित से कहा कि उसकी बहन का अपहरण हो गया है और अपहरणकर्ताओं ने दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है. इसके बाद पीड़ित ने यवतमाल जाकर 12 अगस्त को आरोपी के द्वारा बताए गए व्यक्ति को यह राशि सौंपी. बाद में आरोपी ने फिर पीड़ित को कॉल कर बताया कि ‘उसकी’ बहन को अपहरणकर्ताओं ने छोड़ दिया है. यह भी पढ़ें : National Teachers Award: 44 शिक्षक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित, दंड के मुकाबले प्रेम पर आधारित शिक्षा अधिक कारगर- राष्ट्रपति
आरोपी ने इसके बाद फिर से पीड़ित को एक बैंक खाते में 7,20,000 रुपये जमा करने के लिए कहा और डॉक्टर के राशि जमा कराने के बाद उसने सभी सोशल मीडिया खातों और मोबाइल फोन को बंद कर लिया. अधिकारी ने बताया कि ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने शनिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद यवतमाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 1.97 करोड़ रुपये की राशि बरामद की. पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह के अपराध में शामिल रहा है या नहीं.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 05, 2021 01:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

