एजेंसी न्यूज

Maharashtra: विधायक की कार पर हमले को लेकर शिवसेना की पुणे इकाई के प्रमुख सहित 6 गिरफ्तार

शिवसेना के बागी विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री उदय सामंत की कार पर कथित हमले के सिलसिले में पार्टी की पुणे शहर इकाई के अध्यक्ष और हिंगोली से पार्टी के नेता सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी.

Maharashtra: विधायक की कार पर हमले को लेकर शिवसेना की पुणे इकाई के प्रमुख सहित 6 गिरफ्तार
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Twitter)

पुणे / मुंबई, 3 अगस्त : शिवसेना के बागी विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री उदय सामंत की कार पर कथित हमले के सिलसिले में पार्टी की पुणे शहर इकाई के अध्यक्ष और हिंगोली से पार्टी के नेता सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. पांच आरोपियों को पुणे से पकड़ा गया जबकि हिंगोली के शिवसेना नेता बबन थोराट को मुंबई में हिरासत मे लिया गया. थोराट को पुणे लाया गया और गिरफ्तार किया गया . उन पर शिवसेना के कार्यकर्ताओं को सामंत की कार पर हमले के लिए उकसाने का आरोप है. इन सभी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें छह अगस्त तक पुलिस की हिरासत में भेज दिया गया.

शहर के कटराज इलाके में मंगलवार रात करीब नौ बजे एक ट्रैफिक सिग्नल पर अज्ञात लोगों ने सामंत की कार पर हमला किया था. सामंत के वाहन को घेरने की कोशिश कर रही भीड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया जिसमें लोग नारेबाजी भी करते नजर आ रहे हैं. मंगलवार देर रात भारती विद्यापीठ पुलिस थाने में हत्या के प्रयास सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत 15 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. बागी विधायक के एक करीबी सूत्र ने बताया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का समर्थन करने वाले शिवसेना के 40 विधायकों में से एक सामंत यहां जिले में शिंदे के कार्यक्रमों में शामिल होने आए थे. सहायक पुलिस आयुक्त (स्वारगेट संभाग) सुषमा चव्हाण ने कहा, “शिवसेना की शहर इकाई के अध्यक्ष संजय मोरे सामंत की कार पर हमले के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए लोगों में शामिल हैं.” यह भी पढ़ें : 2024 तक 26 ग्रीन एक्सप्रेसवे बनेंगे, भारत सड़कों के मामले में अमेरिका के बराबर होगा: गडकरी

उन्होंने कहा, ‘‘हमने 15 से अधिक लोगों के खिलाफ भादंसं की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 353 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल) और दंगे से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है.’’ एक अधिकारी ने बताया ''मुंबई पुलिस ने हिंगोली जिले के 'संपर्क प्रमुख' थोराट को मंगलवार देर रात कालाचौकी में उनके आवास से हिरासत में लिया और बुधवार तड़के पुणे पुलिस को सौंप दिया.'' सामंत के करीबी सहयोगी ने कहा था कि घटना में उस कार का एक शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें पूर्व मंत्री यात्रा कर रहे थे. जिस समय यह घटना हुई, उसी समय के आसपास शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे की जनसभा समीपवर्ती इलाके में हुई थी. सामंत ने बाद में संवाददाताओं से कहा था कि उनकी कार पर हमला पूर्व नियोजित था.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 03, 2022 03:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).