देश की खबरें | महाराष्ट्र: इरशालवाड़ी गांव में हुए भूस्खलन में मृतकों की संख्या 27 हुई, खोज अभियान जारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन स्थल पर खोज एवं बचाव दलों ने शनिवार को मलबे से पांच और शव निकाले, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मुंबई, 22 जुलाई महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन स्थल पर खोज एवं बचाव दलों ने शनिवार को मलबे से पांच और शव निकाले, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 81 लोग अब भी लापता हैं।

अधिकारी ने बताया कि खराब रोशनी और खराब मौसम के कारण खोज एवं बचाव अभियान रोक दिया गया और रविवार सुबह इसके फिर से शुरू होने की संभावना है।

अधिकारी ने बताया कि पांच शवों में से चार की पहचान कर ली गई है जबकि एक अन्य की पहचान नहीं हो पाई है।

एनडीआरएफ के अधिकारी ने कहा, “आज पांच और शव मिलने के साथ ही भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 27 तक पहुंच गई है।”

इससे पहले एक अधिकारी ने बताया था कि शनिवार को बरामद शवों की पहचान माही मधु तिरकत (32), आशी पांडुरंग (50), भारती मधु भूतबरा (18) और किशन तिरकत(27) के रूप में हुई है।

मुंबई से लगभग 80 किलोमीटर दूर तटीय रायगढ़ जिले की खालापुर तहसील में एक पहाड़ी पर स्थित आदिवासी गांव में बुधवार की रात भूस्खलन हुआ। गांव के 48 में से कम से कम 17 मकान पूरी तरह या आंशिक रूप से मलबे में दब गए।

अधिकारियों ने कहा कि इस सुदूर गांव में पक्की सड़क नहीं है, इसलिए मिट्टी की खुदाई करने वाले यंत्रों को वहां आसानी से नहीं ले जाया जा सकता।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\