छत्रपति संभाजीनगर, चार फरवरी महाराष्ट्र के बीड जिले के धार्मिक स्थल नारायणगढ़ के महंत शिवाजी महाराज ने मंगलवार को मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। सरपंच संतोष देशमुख की दो महीने पहले हत्या कर दी गई थी।
बीड में एक ऊर्जा कंपनी से कथित तौर पर जबरन वसूली रोकने की कोशिश करने को लेकर देशमुख को नौ दिसंबर 2024 को अगवा कर लिया गया था, बाद में उन्हें प्रताड़ित करके उनकी हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना से राज्य में राजनीतिक विवाद उत्पन्न हो गया है।
महाराष्ट्र के मंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मीक कराड को जबरन वसूली के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए महंत शिवाजी महाराज ने कहा, ‘‘हम देशमुख परिवार से मिलने आए थे और उनके दर्द को कुछ हद तक कम करने की कोशिश की। देशमुख परिवार नारायणगढ़ आया था, लेकिन मैं उस समय उपलब्ध नहीं था। मैंने उनसे फोन पर बातचीत की थी और उन्हें बताया था कि मैं मासाजोग आऊंगा। इसलिये, हम आज यहां हैं।’’
मासाजोग आए एक अन्य धर्मगुरु बोधले महाराज ने कहा कि सरपंच की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘‘लोग जानते हैं कि संत ही वे लोग हैं, जिनके साथ वे अपना दर्द साझा कर सकते हैं।’’
जब उनसे सवाल किया गया कि क्या देशमुख हत्या मामले में न्याय में "राजसत्ता" बाधा बन रही है, तो उन्होंने कहा, ‘‘जब तक घटना अपने तार्किक अंत तक नहीं पहुंच जाती, तब तक किसी घटना के बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है...।’’ उन्होंने लोगों से देशमुख परिवार के साथ खड़े होने की अपील करते हुए कहा कि सरकार और पुलिस अपनी क्षमता के अनुसार काम कर रही है और मामले की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY