प्रयागराज, पांच जनवरी उत्तर प्रदेश की फूलपुर संसदीय सीट से पूर्व सांसद एवं माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन बृहस्पतिवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हो गईं।
अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल सेवा संस्थान में आयोजित बसपा के एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के नेताओं ने शाइस्ता परवीन को बसपा की सदस्यता दिलाई।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाइस्ता परवीन ने कहा, “मैं बहन मायावती का शुक्रिया अदा करती हूं कि उन्होंने हमें बहुजन समाज पार्टी में अपनाया। मैं पूरे मन से पार्टी को आगे बढ़ाने की कोशिश करूंगी।”
बसपा के जोन प्रभारी घनश्याम चंद्र खरवार ने संवाददाताओं से कहा, “आज का यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को बहुजन पार्टी की नीतियों को बताने के लिए आयोजित किया गया था। इस मौके पर पूर्व सांसद अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन बसपा में शामिल हुईं।”
उन्होंने कहा, “पार्टी प्रमुख मायावती के आदेश पर शाइस्ता परवीन को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। यदि शाइस्ता परवीन पार्टी के टिकट पर मेयर का चुनाव लड़ना चाहेंगी तो हम लोग पार्टी प्रमुख मायावती से उन्हें टिकट देने का अनुरोध करेंगे।”
वर्तमान में अतीक अहमद अहमदाबाद की जेल में बंद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY