देश की खबरें | मध्यप्रदेश: नदी में नहाने गई तीन बालिकाओं की डूबने से मौत, एक युवती को बचाया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के ग्राम मायापुर में शनिवार सुबह एक नदी में नहाने गईं तीन बालिकाओं की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवती को बचा लिया गया है।
श्योपुर (मप्र), 18 जून मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के ग्राम मायापुर में शनिवार सुबह एक नदी में नहाने गईं तीन बालिकाओं की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवती को बचा लिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पी एल कुर्वे ने बताया कि मृतकों की पहचान रीना बैरवा (13), उसकी चचेरी बहन रानी बैरवा (10) और ललिता बैरवा (14) के रूप में की गई है, जबकि रीना की बड़ी बहन आरती बैरवा (21) को वहां मौजूद ग्रामीण ने बचा लिया।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार रात इलाके में अधिक बारिश होने के कारण शनिवार सुबह सीप नदी का जलस्तर बढ़ रहा था।
कुर्वे ने बताया कि शनिवार सुबह को मायापुर गांव की रहने वाली ये चारों चचेरी बहनें जब नहाने के लिए इस नदी में गई, तब भी नदी का जलस्तर बढ़ रहा था जिसे बालिकाएं समझ नहीं पाई। वे नदी में नहाने के लिए गहरे पानी में उतर गई।
उन्होंने कहा कि इस दौरान नदी में पानी लगातार बढ़ने लगा, जिसके चलते इन चारों ने एक दूसरे के हाथ पकड़ लिए, लेकिन तेज बहाव होने के चलते वे चारों बहने लगीं।
कुर्वे ने बताया कि इस दौरान उन्हें डूबता देख वहां मौजूद ग्रामीण ने आरती को बचा लिया, लेकिन उसके साथ नहाने आई तीनों बालिकाओं को नहीं बचा सके, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों बालिकाओं के शवों को नदी से निकालकर उनका पोस्टमॉर्टम करवाया और उसके बाद तीनों शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)