देश की खबरें | मप्र : पीथमपुर में भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े अपशिष्ट को जलाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के धार जिले के पीथमपुर कस्बे में शनिवार को महिलाओं के एक समूह ने 1984 की भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े अपशिष्ट को जलाने के विरोध में प्रदर्शन किया। एक दिन पहले ही इस अपशिष्ट को जलाने का परीक्षण शुरू हुआ है।
धार, एक मार्च मध्यप्रदेश के धार जिले के पीथमपुर कस्बे में शनिवार को महिलाओं के एक समूह ने 1984 की भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े अपशिष्ट को जलाने के विरोध में प्रदर्शन किया। एक दिन पहले ही इस अपशिष्ट को जलाने का परीक्षण शुरू हुआ है।
हालांकि, एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस द्वारा चर्चा करने के बाद प्रदर्शनकारियों ने आधे घंटे के भीतर ही धरना समाप्त कर दिया।
शुक्रवार दोपहर को पीथमपुर क्षेत्र में कुल 337 टन खतरनाक अपशिष्ट में से 10 टन अपशिष्ट को जलाने का परीक्षण शुरू हुआ। शुरुआती रिपोर्ट में संकेत मिले हैं कि वायु गुणवत्ता और अन्य निगरानी किए गए पैरामीटर सामान्य श्रेणी में हैं।
लेकिन, पीथमपुर में अपशिष्ट को जलाने का विरोध करने के लिए कई महिलाएं स्थानीय बस स्टैंड के पास एकत्रित हुईं। उन्होंने माथे पर काली पट्टी बांधी हुई थी और डॉ. बी.आर. आंबेडकर की तस्वीरें थामे हुए थीं।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारी नेता मोनिका सोलंकी ने कहा, "1984 में यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से जहरीली गैस लीक होने के कारण भोपाल गैस त्रासदी में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी। इस औद्योगिक आपदा के पीड़ितों की अस्थियों को भी कचरे के साथ भस्मक में जलाया जा रहा है।"
उन्होंने कहा, "हम पिछले कई वर्षों से इस कचरे को यहां जलाने का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि इससे पीथमपुर के लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसलिए हम सरकार से अनुरोध करते हैं कि इस कचरे को यहां से वापस ले जाया जाए।"
पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह ने 'पीटीआई-' से कहा, "हमने प्रदर्शनकारियों से संपर्क किया और उन्हें बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर पीथमपुर में वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से परीक्षण चल रहा है। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने 30 मिनट के भीतर धरना खत्म कर दिया।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)