बालाघाट (मध्यप्रदेश), 30 जून मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में 42 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना रूपझर थाना क्षेत्र के बम्हनी गांव में मंगलवार-बुधवार कर दरमियानी रात को हुई।
बालाघाट जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने बुधवार को बताया कि मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को अज्ञात बंदूकधारी नक्सलियों ने भागचंद एडमे को उसके बम्हनी गांव स्थित घर से उठाया और गांव से बाहर लाकर उसकी कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी।
उन्होंने कहा कि नक्सली मौके पर एक हस्तलिखित पर्चा भी छोड़ गए हैं, जिसमें लिखा है ‘‘पुलिस मुखबिरी में मौत की सजा दी जाती है।’’
इस पर्चे में इन नक्सलियों ने अपने संगठन का नाम भाकपा (माओवादी), टाडा मलाजखंड एरिया कमेटी लिखा है।
हालांकि, पुलिस अधीक्षक ने भागचंद एडमे के पुलिस मुखबिर होने का खण्डन किया है।
तिवारी ने बताया कि पुलिस हत्या के आरोपी टाडा दलम के नक्सलियों की तलाश कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY