सतना, पांच मई मध्य प्रदेश के सतना जिले में हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हुए एक स्थानीय नेता की कथित संपत्ति विवाद को लेकर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इस हत्याकांड से संबंधित एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें देखा जा सकता है कि कम से कम 10 लोगों द्वारा पीड़ित पर लाठी, रॉड और पत्थरों से हमला किया जा रहा है।
उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के महादेवा इलाके में सोमवार तड़के शुभम साहू (26) पर हुए हमले के बाद पुलिस ने पंकज गौतम, रजनीश गौतम और विपिन गौतम नाम के एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने कहा कि साहू को गंभीर हालत में सतना जिला अस्पताल ले जाया गया। परिहार ने बताया कि बेहतर इलाज के लिए साहू को संभागीय मुख्यालय रीवा ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि साहू के खिलाफ 11 आपराधिक मामले लंबित थे और उन्हें पिछले साल सतना जिले से बाहर कर दिया गया था।
पुलिस को संदेह है कि संपत्ति विवाद के कारण साहू की हत्या की गई है।
साहू ने सतना जिला महासचिव और एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के क्रमशः स्थानीय सचिव के रूप में काम किया था।
बसपा के प्रदेश पदाधिकारी सीएल गौतम ने इस बात की पुष्टि की है कि दो दिन पहले ही वह कांग्रेस छोड़कर बसपा में शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा, “वह शनिवार को भोपाल में बसपा में शामिल हुए थे और रविवार रात सतना लौट गए।”
गौतम ने कहा कि साहू को बसपा में कोई पद नहीं दिया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY