देश की खबरें | मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव : भोपाल की मध्य और उत्तर सीट से कांग्रेस के मुस्लिम उम्मीदवार जीते

भोपाल, तीन दिसंबर कांग्रेस के दो मुस्लिम उम्मीदवार आरिफ मसूद और आतिफ आरिफ अकील ने मध्यप्रदेश में क्रमश: भोपाल मध्य और भोपाल उत्तर विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की ।

विधानसभा चुनावों में टिकट से वंचित कांग्रेस के एक अन्य नेता नफीस मंशा ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के उम्मीदवार के रूप में बुरहानपुर से चुनाव लड़ा, लेकिन वह हार गए।

इन तीनों सीटों पर मुस्लिम समुदाय की संख्या अधिक है ।

आरिफ मसूद ने भोपाल मध्य से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तथा भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार ध्रुव नारायण सिंह को 15,891 मतों के अंतर से हराया, जबकि आतिफ आरिफ अकील ने भोपाल उत्तर में अपने निकटतम भाजपा प्रतिद्वंद्वी आलोक शर्मा को 26,987 मतों के अंतर से हराया।

बुरहानपुर सीट पर नफीस मंशा को 33,853 मत मिले, जो भाजपा की अर्चना चिटनिस की कांग्रेस के ठाकुर सुरेंद्र सिंह के खिलाफ जीत के अंतर से अधिक है।

चिटनिस ने सिंह को 31,171 मतों से हराया।

वहीं, भाजपा ने मध्यप्रदेश में किसी भी मुस्लिम उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारा था।

वर्ष 2018 में प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में भी केवल दो ही मुस्लिम उम्मीदवार जीते थे, जो कांग्रेस से थे। दोनों कांग्रेस विधायक भोपाल मध्य और भोपाल उत्तर विधानसभा सीट से ही जीते थे।

एक अनुमान के मुताबिक मध्यप्रदेश की मुस्लिम आबादी सात फीसदी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)