देश की खबरें | लुधियाना गैस लीक मामला : एनजीटी समिति ने ग्यासपुरा इलाके का दौरा किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की आठ सदस्यीय तथ्यान्वेषण समिति ने सोमवार को लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके का दौरा किया जहां पिछले महीने कथित तौर पर सीवर से रिसी जहरीली गैस की चपेट में आने से 11 लोगों की मौत हो गई थी।
लुधियाना, आठ मई राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की आठ सदस्यीय तथ्यान्वेषण समिति ने सोमवार को लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके का दौरा किया जहां पिछले महीने कथित तौर पर सीवर से रिसी जहरीली गैस की चपेट में आने से 11 लोगों की मौत हो गई थी।
समिति का नेतृत्व पंजाब राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) के अध्यक्ष आदर्श पाल विज कर रहे थे। समिति में बतौर सदस्य लुधियाना के जिला उपायुक्त, लुधियाना नगर निगम आयुक्त, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय निदेशक (उत्तर), लखनऊ स्थित औद्योगिक विषविज्ञान अनुसंधान केंद्र और राष्ट्रीय आपदा मोचन टीम (एनडीआरएफ) द्वारा नामित लोग शामिल थे।
गौरतलब है कि 30 अप्रैल को घनी आबादी वाले ग्यासपुरा में जहरीली गैस का रिसाव होने से 11 लोगों की मौत हो गई थी। इससे पहले एनजीटी ने लुधियाना के जिला मजिस्ट्रेट को मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये का मुआजवा देने का निर्देश दिया था।
समिति ने सोमवार सुबह शेरपुर चौक पर प्राथमिक बैठक करने के बाद कुछ चश्मदीदों, हादसे के पीड़ितों के परिजनों और मित्रों के साथ बातचीत की और उस स्थान का भी दौरा किया जहां से जहरीली गैस का कथित रिसाव हुआ था।
समिति कविलाश के घर भी गई जिसके परिवार के चार सदस्यों की इस हादसे में मौत हो गई थी। तथ्यान्वेषण समिति एक अन्य पीड़ित सौरव गोयल के किराने की दुकान भी गई जहां पर दूध लेने आए कुछ ग्राहक जहरीली गैस की वजह से बेहोश हो गए थे।
विज ने दिन में बताया कि समिति ने प्राथमिक बैठक की है और जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि अगर घटना से जुड़ी कोई जानकारी उनके पास है तो वे समिति से साझा करें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)