नयी दिल्ली, 17 दिसंबर दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में कई अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां खुले विज्ञापनों के माध्यम से ‘‘निर्धारित प्रक्रिया’’ के जरिए चयन के बाद की गई हैं। चयन समिति द्वारा पूर्व निर्धारित मानदंड और साक्षात्कार के लिए प्रदान किए गए वेटेज के आधार पर अंतिम सूची तैयार की गई।
राज निवास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘उपराज्यपाल ने एमसीडी में तीन अतिरिक्त उपायुक्तों/संयुक्त कर निर्धारक और समाहर्ता, तथा 19 प्रशासनिक अधिकारियों/सहायक कर निर्धारक और समाहर्ता की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।’’
उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल का पदभार संभालने के बाद से सक्सेना एमसीडी में कार्यकुशलता की वकालत करते रहे हैं और उन्होंने अधिकारियों को खाली पदों को जल्द से जल्द भरने का निर्देश दिया था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सीएसएस, आईआरएस, एनडीएमसी, कैग, सीजीएसटी एवं सीई और आयकर विभाग समेत सरकारी सेवाओं और विभागों से प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त ये अधिकारी कर्मचारियों की कमी वाले निगम को उसके प्रशासनिक, राजस्व सृजन, कर संग्रहण जैसे कार्यों के बेहतर निर्वहन में काफी हद तक मदद करेंगे।’’
निगम चुनाव के बाद 250 सदस्यीय दिल्ली नगर निगम की पहली बैठक छह जनवरी को होगी। आम आदमी पार्टी ने हाल में संपन्न एमसीडी चुनावों में 134 वार्ड में जीत हासिल कर भारतीय जनता पार्टी के 15 साल के शासन को समाप्त कर दिया। भाजपा ने 104 वार्ड में जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस केवल नौ वार्ड ही जीत सकी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY