देश की खबरें | उपराज्यपाल ने दिल्ली के पहले बांस थीम पार्क की आधारशीला रखी

नयी दिल्ली, नौ अगस्त दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मंगलवार को शहर के पहले ‘बांस थीम पार्क’ की आधारशीला रखी। इसका मकसद यमुना के डूब क्षेत्र के पारिस्थितिक चरित्र को बढ़ाना और इसे एक मनोरंजक और सांस्कृतिक स्थल के रूप में आकर्षक बनाना है।

असम से लाए गए 25,000 से अधिक विशेष किस्म के बांस के पौधे यहां लगाए जाएंगे।

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने एक बयान में कहा कि यह सुनिश्चित करेगा कि डूब क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता को संरक्षित और बनाए रखा जाए। इस पार्क को ‘बांसेरा का नाम दिया गया है।

उपराज्यपाल ने कहा कि बड़े पैमाने पर बांस लगाने से राजधानी की वायु प्रदूषण की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बांस लगभग 30 प्रतिशत अधिक ऑक्सीजन छोड़ता है, जबकि यह बहुत कम पानी लेता है और मिट्टी को समृद्ध करता है।

सक्सेना ने कहा कि बांस विभिन्न आर्थिक गतिविधियों का भी स्रोत है जैसे फर्नीचर, अगरबत्ती निर्माण आदि।

उन्होंने कहा कि यह दिल्ली में रोजगार के अवसर पैदा करने और आय बढ़ाने में भी मदद करेगा।

इस मौके पर लोकसभा सदस्य गौतम गंभीर, दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार और डीडीए के उपाध्यक्ष मनीष कुमार गुप्ता भी मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)