नयी दिल्ली, 17 सितंबर दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने अधिकारियों को दिल्ली के उन क्षेत्रों को संवारने के प्रयासों के तहत द्वारका उप-नगर में मूर्तियां और फव्वारे स्थापित करने का निर्देश दिया है, जिनका जी 20 शिखर सम्मेलन से पहले सौंदर्यीकरण नहीं हो सका था। राजनिवास के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सक्सेना ने शनिवार को द्वारका के दौरे के दौरान यह निर्देश दिये । उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी यात्रा पालम फ्लाईओवर के निकट अंडरपास से शुरू की और द्वारका के विभिन्न सेक्टर से होते हुए डाबरी नाला रोड तक गए।
उन्होंने कहा कि अपनी यात्रा के दौरान, उपराज्यपाल ने सभी संबंधित नगर निकायों के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त हो और फुटपाथ पैदल चलने वालों के अनुकूल हों।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘यात्रा के दौरान भारी बारिश से उपराज्यपाल और उनके साथ मौजूद अधिकारियों को क्षेत्र में जलभराव के महत्वपूर्ण बिंदुओं का प्रत्यक्ष अनुभव मिला और लंबित मुद्दों के समाधान के लिए मौके पर ही निर्देश जारी किए गए।’’
उन्होंने बताया कि सक्सेना ने इस तथ्य पर कड़ी आपत्ति जताई कि मुख्य नालों की ओर जाने वाली पुलिया या तो खुली हैं या बंद हैं और निर्देश दिया कि पुलिया पर ग्रिल लगाने और रुकावटों को दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बताया कि उपराज्यपाल ने अधिकारियों को द्वारका की ओर जाने वाले अंडरपास की दीवारों के सौंदर्यीकरण और फुटपाथ पर पौधों वाले गमले रखने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि सेक्टर 7, 8 और 9 में सड़कों, फुटपाथों और रास्तों का सूक्ष्मता से निरीक्षण करने के बाद, उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत कार्य करने और डिजाइन में समरूपता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सक्सेना ने अधिकारियों से पेड़ों की छंटाई करने और दीवारों और रास्तों पर उगे पौधों को हटाने को कहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY