एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | देश में कोविड-19 के 543 दिन में सबसे कम दैनिक मामले

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत में एक दिन में कोविड-19 के 7,579 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,45,26,480 हो गई। पिछले 543 दिन में एक दिन में सामने आए संक्रमण के ये सबसे कम मामले हैं। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 1,13,584 हो गई है, जो पिछले 536 दिन में सबसे कम हैं।

देश की खबरें | देश में कोविड-19 के 543 दिन में सबसे कम दैनिक मामले

नयी दिल्ली, 23 नवंबर भारत में एक दिन में कोविड-19 के 7,579 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,45,26,480 हो गई। पिछले 543 दिन में एक दिन में सामने आए संक्रमण के ये सबसे कम मामले हैं। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 1,13,584 हो गई है, जो पिछले 536 दिन में सबसे कम हैं।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 236 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,66,147 हो गई। देश में लगातार 46 दिन से कोविड-19 के दैनिक मामले 20 हजार से कम हैं और लगातार 149 दिन से 50 हजार से कम दैनिक मामले सामने आ रहे हैं।

मंत्रालय के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी घटकर 1,13,584 हो गयी है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.33 प्रतिशत है। यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 4,859 की कमी दर्ज की गयी है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.32 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सर्वाधिक है।

आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 0.79 प्रतिशत दर्ज की गयी, जो पिछले 50 दिनों से दो प्रतिशत से कम है। साप्ताहिक संक्रमण दर 0.93 प्रतिशत दर्ज की गयी, जो पिछले 60 दिन से दो प्रतिशत से कम है। अभी तक कुल 3,39,46,749 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 मृत्यु दर 1.35 प्रतिशत है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 117.63 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिन 236 लोगों की मौत संक्रमण से हुई, उनमें से केरल के 180 और पश्चिम बंगाल के 14 लोग थे। देश में संक्रमण से अभी तक कुल 4,66,147 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,40,747 लोग, कर्नाटक के 38,177 लोग, केरल के 37,675 लोग, तमिलनाडु के 36,388 लोग, दिल्ली के 25,095 लोग, उत्तर प्रदेश के 22,909 लोग और पश्चिम बंगाल के 19,397 लोग थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 23, 2021 10:41 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).